संजय निरुपम का बड़ा दावा: 2029 तक खत्म हो जाएगी शिवसेना (UBT)

Parthadmin

मुंबई। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने मंगलवार बड़ा बयान दिया है। निरुपम ने दावा किया कि 2029 तक शिवसेना (UBT) पूरी तरह खत्म हो जाएगी। यह दावा ऐसे समय किया गया है जब अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी के कई सांसद एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो सकते हैं। मंगलवार को ‘ऑपरेशन टाइगर’ पर बात करते हुए निरुपम ने कहा कि UBT नेतृत्व से नेताओं और कार्यकर्ताओं का भरोसा लगातार कम हो रहा है।

UBT धीरे-धीरे खत्म हो रही है: निरुपम

निरुपम ने कहा, ‘UBT धीरे-धीरे खत्म हो रही है। उनके विधायकों और सांसदों को अब नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा। 2029 तक यह पार्टी पूरी तरह खत्म हो जाएगी। लोग हर दिन पार्टी छोड़ रहे हैं। जहां तक उनके सांसदों की बात है, तो हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है।’

क्या बोले महाराष्ट्र के मंत्री?

वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री आशीष जायसवाल ने शिवसेना (UBT) के घटनाक्रम पर सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि सांसदों के अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर किसी भी फैसले पर औपचारिक रूप से लिए जाने के बाद ही चर्चा की जानी चाहिए। जायसवाल ने कहा, ‘शिवसेना (UBT) में जो हो रहा है, उस पर टिप्पणी करना मुझे सही नहीं लगता।

अगर उन्हें लगता है कि बालासाहेब की विरासत एकनाथ शिंदे के पास है और वे अपने निर्वाचन क्षेत्र और राजनीतिक भविष्य के लिए कोई फैसला लेते हैं, तो उसके बाद ही इस पर बात करना सही होगा। दलबदल विरोधी कानून के इतिहास और नियमों के तहत वे क्या करते हैं और उनकी संख्या कितनी है, यह उनका फैसला है।’

‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा

यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा जोरों पर है। अटकलें यह भी है कि UBT सेना के नौ में से सात सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं और जल्द ही उसमें शामिल होना चाहते हैं।

इससे पहले, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि उनकी पार्टी के पांच सांसद एकतरफ अलग गुट बना सकते हैं। उन्होंने इन दावों को ‘झूठा’ और ‘बेबुनियाद’ बताया।

संजय राहत का जवाब 

राउत ने कहा, ‘यह झूठ है। हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। चार दिन पहले, इन सभी सांसदों ने उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में हिस्सा लिया था और उनके नेतृत्व में भरोसा जताया था।’

शिवसेना नेता शायना NC ने भी अपनी पार्टी द्वारा प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों से नेताओं को तोड़ने की कथित कोशिशों की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ‘किसी भी पार्टी को तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है।’

‘ऑपरेशन वुल्फ’ करने शुरू 

शायना ने बताया, ‘हमारी किसी भी पार्टी को तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है। सभी ने एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता देखी है, क्योंकि वह आम लोगों के प्रति वफादार हैं और जमीनी स्तर पर काम करते हैं।’ इन सभी अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे ने पार्टी सांसदों की एक बैठक बुलाई। इसके बाद, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने कहा कि उनकी पार्टी जवाबी कार्रवाई में ‘ऑपरेशन वुल्फ’ शुरू करेगी।

Share This Article
Leave a Comment