मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद के 17 नवनिर्वाचित सदस्यों में से 16 सदस्यों ने मंगलवार को विधान पार्षद के तौर पर शपथ ली। सोमवार को 17 सीटों के नतीजे घोषित किए गए थे।
भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों की 17 में से 16 सीटों पर जीत हासिल की। सोमवार को भाजपा ने 11 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना ने तीन और राकांपा ने दो सीटें जीतीं।
महायुति गठबंधन की बड़ी जीत
निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने शिवसेना उम्मीदवार को हराकर नासिक सीट जीती, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वे शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी में सहयोगी सदस्य के तौर पर शामिल हो गए। हालांकि उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधान पार्षद पद की शपथ ली।
मंगलवार को शपथ लेने वाले 16 सदस्यों में से 11 भाजपा से थे, जिनमें अरुण लखानी भी शामिल थे, जो राकांपा (शप) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के ससुर हैं।
राकांपा के दो विधान पार्षद ने भी शपथ ली। शिवसेना के तीन विधान पार्षद में से दो – रवींद्र फाटक और दुष्यंत चतुर्वेदी – ने शपथ ली।