नई दिल्ली: श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट श्री अर्जुन कुमार ने इस दिवाली पर देश विदेश में रिलीज हो रही रणबीर कपूर, सनी देओल यश स्टारर डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म रामायण के मेकर्स को एक पत्र लिखकर मांग की है कि फिल्म को सिनेमा घरों में रिलीज करने से पूर्व यह फिल्म श्री रामलीला महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को दिखाई जाएं.
नितेश तिवारी और फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी को लिखे पत्र में अर्जुन कुमार ने उन्हें याद दिलाया है कि इससे पहले भूषण कुमार की मेगा बजट प्रभास, सैफ अली खान स्टारर फिल्म आदिपुरुष के भी कई सीन पर सनातनी और रामलीला मंचन से जुडे लोगों ने कड़ा एतराज जताया था.
इन सीन में सोने की लंका को काला दिखाना, महाज्ञानी रावण को मंगोल लुटेरों और उनकी सेना को राक्षसों की सेना आदि कई सीन थे. जिसका नतीजा बॉक्स आफिस पर फिल्म फ्लाप रही. अर्जुन कुमार ने पत्र में आगे कहा है कि हमें मिली जानकारी के अनुसार इस फिल्म में ऐसे कई सीन है, जो देश विदेश में बसे हिन्दुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते है.
ऐसे में श्री रामलीला महासंघ इस फिल्म को रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग में देखकर निश्चित करना चाहता है कि अगर फिल्म में ऐसा कोई विवादास्पद सीन और संवाद है तो उसे रिलीज से पहले हटा दिया जाए. उन्होंने फिल्म के मेकर्स को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा ना किया गया तो दिल्ली सहित अन्य राज्यों के उन सिनेमाघरों के बाहर हिंदू संगठनों के साथ श्री रामलीला महासंघ के हजारों की संख्या में विरोध व धरना प्रदर्शन करेंगे.
यह पत्र रामायण पर बनती फिल्मों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता और दर्शकों के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक सटीकता की अपेक्षाओं को दिखाना है. ये चिंताएं ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष से जुड़े विवाद से पैदा हुई हैं, जिसे अपने डायलॉग्स और देवी-देवताओं के लिए मॉडर्न कॉस्ट्यूम को लेकर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था.
रामायण: पार्ट 1 में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण का किरदार निभाने जा रहे हैं. फिल्म का संगीत हंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है. बता दें, रावण के रूप में यश के अभिनय की खूब चर्चा हो रही है.
फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म की दिवाली 2026 रिलीज से पहले अभिनेता सनी देओल के भगवान हनुमान के रूप में नजर आने की जानकारी को अभी तक सीक्रेट रखा हुआ है. फिल्म का सीक्वल दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा.