शिवपुरी: केंद्रीय संचार मंत्री और गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 2 दिवसीय शिवपुरी दौरे में जिले को करोड़ों के विकास परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने शिवपुरी और पिछोर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेलवे और डाक विभाग से जुड़े कई निर्माण कार्यों का भूमि पूजन, लोकार्पण और निरीक्षण किया.
पहले दिन पिछोर और शिवपुरी में कई परियोजनाओं का शुभारंभ
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्युत सब-स्टेशन, उप तहसील भवन, स्कूल, पंचायत भवन और ग्रामीण विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया. उन्होंने धपौरा-तैरई सड़क (3.17 करोड़) और भगारी-रामपुर-टपरन सड़क (3.30 करोड़) सहित 6.47 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की.
‘गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास’
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सड़क, रेलवे और बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है. सड़कों का जाल बिछने से किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.”
अमृत भारत रेलवे स्टेशन और ओवरब्रिज का निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अमृत भारत योजना के तहत विकसित शिवपुरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए कहा, “आधुनिक स्टेशन से रेल कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी.”
इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और बताया, “परियोजना के 19 पिलर तैयार हो चुके हैं और मार्च 2027 से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. हर विधानसभा में कुछ न कुछ बड़ी सौगात दे रहे हैं. बहुत तेजी से हर क्षेत्र में विकास चल रहा है. लोगों की जनआकांक्षाओं और उनके सपनों को पूरा करना ही मेरा लक्ष्य है.”
छात्रावास, डाक प्रशिक्षण केंद्र और नई रेल सुविधा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक छात्रावास का भूमि पूजन कर बच्चों से संवाद भी किया. उन्होंने घोषणा करते हुए कहा, “कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस का नया ठहराव शुरू होगा.” दौरे के दूसरे दिन शिवपुरी में लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का भूमि पूजन और प्रधान डाकघर के नए भवन का लोकार्पण किया जाएगा.