मुंबई। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर की 30 वर्षीय एक महिला पहलवान ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, इस दुखद घटना में उनके पांच साल के बेटे और दो साल की जुड़वां बेटियों में से एक की भी मौत हो गई है। वहीं, दूसरी जुड़वां बेटी की हालत बेहद गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
महिला के पिता द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी पहलवान पिछले तीन महीनों से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला का पति और ससुराल वाले पैसे तथा अन्य कीमती सामान की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि महिला की शादी साल 2020 में हुई थी। दंपति को 2021 में एक बेटा और 2024 में जुड़वां बेटियां हुईं। बेटियों के जन्म के कुछ समय बाद ही, ससुराल वालों ने कथित तौर पर पैसे, सोने और ऑटो-रिक्शा की मांग करते हुए महिला को परेशान करना शुरू कर दिया था।
इसी विवाद के चलते वह तीन महीने पहले अपने मायके आ गई थी, लेकिन वहां भी फोन पर उसे परेशान करने का सिलसिला नहीं रुका।
पिता ने लगाई न्याय की गुहार
मृतका के पिता ने पत्रकारों से बातचीत में अपना दुख साझा करते हुए कहा कि पैसे के लिए पति और ससुराल वालों द्वारा किए गए उत्पीड़न के कारण ही मेरी बेटी ने यह आत्महत्या की है। पिछले तीन महीनों से वह मेरे साथ रह रही थी, लेकिन वे उसे फोन पर भी परेशान करते थे।
पिछले हफ्ते जरूर कुछ ऐसा हुआ होगा जिसने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। मैंने उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। मेरी प्रशासन से मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस की कार्रवाई
पिता की शिकायत के आधार पर, नालदुर्ग पुलिस ने महिला के पति, ससुर, सास और पति की बुआ सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए महिला के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए नालदुर्ग पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर रवींद्र गायकवाड़ ने कहा कि हमने एफआईआर में नामजद सभी चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच गंभीरता से की जा रही है।