हैदराबाद: नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स इस बार दिल्ली में आयोजित नहीं होगा. अधिकारियों ने सोमवार, 7 सितंबर को बताया कि अपने 72 साल के इतिहास में पहली बार, नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का कार्यक्रम दिल्ली में नहीं होगा. हालांकि यह प्रतिष्ठित समारोह एक नई जगह पर आयोजित हो रहा है, जिससे इसके 72वें संस्करण को एक बिल्कुल अलग माहौल मिलेगा.
पीटीआई के मुताबिक, नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2026 का समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित होगा. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी दिल्ली से हटकर गुजरात के केवड़िया में होगी, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को सम्मान प्रदान करेंगी, जो राष्ट्रीय राजधानी में समारोह आयोजित करने की लंबे समय से चली आ रही परंपरा से एक बड़ा बदलाव होगा.
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस महीने के आखिर में गुजरात दौरे के दौरान ये सम्मान प्रदान करेंगी. एकता नगर (जिसे पहले केवड़िया के नाम से जाना जाता था) में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है, जो दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति और गुजरात के सबसे प्रमुख स्थलों में से एक है. इस बदलाव की वजह से नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए इस साल का समारोह खास तौर पर अहम हो गया है.
पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड 1954 में दिया गया था और दशकों से ज्यादातर समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में ही आयोजित होते रहे हैं. अब 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड के साथ इस परंपरा को बदलते हुए यह कार्यक्रम पहली बार गुजरात में आयोजित किया जाएगा.
जुलाई में घोषित इन अवॉर्ड्स का 72वां संस्करण आम परंपरा से हटकर होगा, हालाँकि ऐसे उदाहरण भी रहे हैं जब समारोह दिल्ली के बाहर आयोजित किए गए थे. 17वां नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह 1971 में चेन्नई में आयोजित किया गया था.
विजेताओं की लिस्ट में इन सितारों का नाम
‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म के लिए चुना गया है. जबकि, इसी फिल्म की लीड एक्ट्रेस यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस के लिए चुना गया है. मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन क्रमशः ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में अपनी भूमिकाओं के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड शेयर करेंगे. रणदीप हुड्डा को विनायक दामोदर सावरकर की बायोपिक ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड दिया जाएगा.
तेलुगु साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को बेहतरीन मनोरंजन प्रदान करने वाली बेस्ट पॉपुलर फिल्म का अवॉर्ड मिलेगा, जबकि अरुण मथेश्वरन द्वारा निर्देशित और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली बेस्ट फीचर फिल्म चुना गया है.