हैदराबाद: ‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत बीते रविवार, 6 सितंबर को हुई, जिसमें होस्ट सलमान खान ने इस सीज़न के 16 कंटेस्टेंट्स से दर्शकों को मिलवाया. इस बीच एक कंटेस्टेंट ने सबका ध्यान खींचा और वो कोई और नहीं बल्कि सिंगर और ‘फेम गुरुकुल’ से मशहूर हुए काजी तौकीर है. काजी को बीबी हाउस में उनके दोस्त-सिंगर अरिजीत सिंह काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि वह सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ को पहली बार देखेंगे, और इसकी वजह कंटेस्टेंट काजी तौकीर हैं.
सिंगर अरिजीत सिंह ने भी बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट काजी तौकीर को अपना सपोर्ट दिया है. दोनों का कनेक्शन 2005 के रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से है, जिसमें वे साथ नजर आए थे. अरिजीत ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर लिखा, ‘मुझे अपनी जिंदगी में पहली बार बिग बॉस देखना होगा क्योंकि हमारा रॉकस्टार काजी वहां है.’
काजी बीबी हाउस में एंट्री करते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया. घर के अंदर के उनके मजेदार पल सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. उनका डायलॉग ‘आई एम ए रॉकस्टार बेबी, आऊ!’ भी इंटरनेट पर एक पॉपुलर लाइन बन गया है.
बता दें, काजी ने मई में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट डालकर अरिजीत की तारीफ की थी. उन्होंने कहा कि इस प्लेबैक सिंगर के मन में किसी के लिए भी कोई बुरा भाव, असुरक्षा या जलन नहीं है. उन्होंने एक क्लिप शेयर की, जिसमें वे पश्चिम बंगाल के जियागंज में अरिजीत के होमटाउन में उनसे मिलने गए थे. दोनों को स्कूटी चलाते हुए और रियलिटी शो की पुरानी यादें ताजा करते हुए देखा गया.
काजी ने वीडियो में कहा, ‘मैं अरिजीत के बारे में क्या कहूं? उनमें कोई बुराई नहीं है, कोई असुरक्षा नहीं है, किसी के प्रति कोई जलन नहीं है. वे पूरी तरह से जुनून से भरे हैं. वे रियल हैं और हां, वे जीनियस हैं, यह हम सब जानते हैं. मुर्शिदाबाद के लोगों को, और खासकर जियागंज के सभी लोगों को बहुत सारा प्यार. उन्होंने मुझे बहुत प्यार दिया. अरिजीत का स्टाफ, उनका परिवार, कितने अच्छे लोग हैं.’ काजी ने बताया कि सिंगर ने जियागंज में उन बच्चों के लिए एक एकेडमी बनाई है, जो क्रिकेट खेलना चाहते हैं.
कश्मीरी गायक को 2005 में तब पूरे देश में पहचान मिली, जब उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर रियलिटी सिंगिंग शो ‘फेम गुरुकुल’ जीता और उस समय भारतीय रियलिटी टेलीविजन के सबसे जाने-माने चेहरों में से एक बन गए थे.