नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) की 15वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अरविंद केजरीवाल को सर्वसम्मति से एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया. बुधवार को हुई इस बैठक में पार्टी के 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया. बैठक में 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया.
राष्ट्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता अरविंद केजरीवाल ने की. बैठक के दौरान सदस्यों ने उन्हें सर्वसम्मति से फिर से राष्ट्रीय संयोजक चुना. पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
पंकज गुप्ता राष्ट्रीय सचिव, एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष:
नई कार्यकारिणी में पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव चुना गया है. वहीं एनडी गुप्ता पहले की तरह पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का मार्गदर्शन किया.
23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कौन-कौन शामिल:
आम आदमी पार्टी की नई 23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, आदिल अहमद खान, अनुराग ढांडा, भगवंत मान, दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, गोपाल इटालिया, गोपाल राय, रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मनीष सिसोदिया, मोहम्मद इरशाद, एन.डी. गुप्ता, पंकज गुप्ता, प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी, राखी बिड़ला, विभव, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, शैली ओबेरॉय और राजबीर को शामिल किया गया है.
पांच विशेष आमंत्रित सदस्य भी चुने गए:
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अलावा पार्टी ने पांच विशेष आमंत्रित सदस्यों का भी चयन किया है. इनमें अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेहराज मलिक और वेंजी वीगास शामिल हैं.
भविष्य की रणनीति पर हुआ मंथन:
बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन से जुड़े विषयों और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की. राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों को पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत करने को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया. आम आदमी पार्टी की ओर से इसे संगठनात्मक स्तर पर जरूरी बैठक बताया गया है.