चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने अकाली दल के नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ चंडीगढ़ जिला अदालत में आपराधिक मानहानि का केस दायर किया है।
शिकायत में गुरप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि एक सितंबर को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मजीठिया ने उन्हें किसी रिश्तेदार के माध्यम से राज्य मशीनरी को प्रभावित करने और दुष्कर्म के आरोपी को संरक्षण दिलाने के लिए पैसे मांगने का आरोपित बताया। इससे उनकी सामाजिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
उनके खिलाफ सनसनीखेज, मनगढ़ंत और निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने इन नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। गुरप्रीत कौर ने कहा कि उन्हें एक दुष्कर्म आरोपित की मदद करने वाली महिला के रूप में पेश किया गया।
इससे उनकी प्रतिष्ठा, छवि और व्यक्तिगत पहचान को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इससे पहले भी उन्होंने चंडीगढ़ जिला अदालत में एक याचिका दायर की थी जिसमें उनके खिलाफ इन्हीं आरोपों को लेकर बनाई जा रही अपुष्ट और मानहानिकारण सामग्री को इंटरनेट मीडिया से हटाने की मांग की गई थी।
इस याचिका पर अदालत ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए रोक लगा दी थी। उस याचिका पर 30 सितंबर को सुनवाई है। वहीं, उन्होंने जो अब मानहानि का केस डाला है, उसमें 17 अक्टूबर को सुनवाई होगी।