संजय राउत का शिंदे गुट पर वार, बोले—‘ऑपरेशन टाइगर फेल, अब होगा ऑपरेशन वुल्फ’

Parthadmin

यूबीटी शिवसेना नेता संजय राउत ने शिंदे गुट और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उनका ‘ऑपरेशन टाइगर’ पूरी तरह फ्लॉप हो गया है. राउत ने दावा किया कि सभी सांसद यूबीटी शिवसेना के साथ हैं और अब उनकी पार्टी ‘ऑपरेशन वुल्फ’ करेगी.

संजय राउत ने कहा, “भ्रम निर्माण करने के लिए शिंदे या बीजेपी के लोग ऐसे प्रपंच करते रहते हैं. इस क्षण ये सभी सांसद शिवसेना के साथ हैं. इसलिए आपका जो भी ऑपरेशन था, वो फुस्स हो गया.” उन्होंने आगे कहा कि अब यूबीटी शिवसेना ‘ऑपरेशन वुल्फ’ करेगी.

बाघ को छूने की हिम्मत नहीं, पहले बेहोश करना पड़ता है

संजय राउत ने बाघ के मेटाफर को विस्तार से समझाते हुए कहा, “टाइगर का ऑपरेशन आप कैसे करोगे? बाघ क्या आपको हाथ लगाने देगा? बाघ को बेहोश करना पड़ता है. दूर से इंजेक्शन मारना पड़ता है, फिर जाकर उसके पैर बांधने पड़ते हैं. यह हमारे यहां संभव नहीं है.”

बूढ़ा बाघ वाली बात खारिज, ‘खुले जंगल में घूम रहा है’

जब विपक्षी पक्ष की ओर से कहा गया कि बाघ बूढ़ा हो गया है, तो संजय राउत ने इसे सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने जोर देकर कहा, “बिल्कुल नहीं! बिल्कुल नहीं! बाघ खुले जंगल में घूम रहा है.” संजय राउत का यह बयान शिवसेना के आंतरिक कलह और सांसदों की निष्ठा को लेकर चल रही अटकलों के बीच आया है.

उन्होंने एकनाथ शिंदे गुट पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके सारे प्रयास नाकाम हो चुके हैं. संजय राउत का बयान ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों शिवसेना गुटों के बीच सियासी तकरार लगातार जारी है. यूबीटी शिवसेना ‘ऑपरेशन वुल्फ’ की बात कर आक्रामक रणनीति अपनाने का संकेत दे रही है.

Share This Article
Leave a Comment