राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी लव कुश मिश्रा के घर चलेगा बुलडोजर! अथॉरिटी ने पत्नी को थमाया नोटिस

Parthadmin

लखनऊ: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार लवकुश मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. राम मंदिर में 17 हजार की नौतरी करने वाले आरोपी लवकुश मिश्रा के निर्माणाधीन मकान पर जल्द कार्रवाई हो सकती है. अयोध्या विकास प्राधिकरण ने लवकुश मिश्रा के सोहावल तहसील में बन रहे मकान को लेकर उसकी पत्नी को नोटिस भेजा है. नोटिस में मकान के तय मानक से अलग तरीके से बनाने को लेकर कार्रवाई की बात कही गई है.

लवकुश मिश्रा की पत्नी को नोटिस

लवकुश मिश्रा के परिजनों को एक हफ्ते के भीतर एडीए को इस नोटिस का जवाब देना होगा. लवकुश ने सोहावल में ये जमीन पिछले साल अक्टूबर महीने में अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम से खरीदी थी. अगर एक हफ्ते में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो अयोध्या विकास प्राधिकरण इस पर कार्रवाई कर सकती है. चोरी के आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चल सकता है.

दरअसल अथॉरिटी के अधिकारी निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण करने पहुंचे थे तो पता चला कि इमारत का काम तय नियमों के मुताबिक नहीं चल रहा है. प्रशासन के नियमों की अनदेखी हो रही है. इसके बाद एक्शन लेते हुए उसकी पत्नी को प्रशासन ने नोटिस जारी कर दिया.

मकान बनाने में नियमों की अनदेखी

लवकुश की पत्नी से पूछा गया है कि मकान बनाने के लिए क्या उसने कोई नक्शा पास कराया था. अगर नक्शा बनवाया गया है तो उसके पूरे कागज एक हफ्ते में अथॉरिटी के पास जमा कराए जाएं. अगर समय पर कागज नहीं दिखाए तो अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा सकता है. जांच में पता चला है कि लवकुश मिश्रा ने ये जमीन राम मंदिर में काम करने के दौरान ही खरीदी थी. रजिस्ट्री में जमीन की कीमत 8.8 लाख रुपये दिखाई गई थी जबकि वर्तमान में इसकी असली कीमत 25 लाख रुपये के आसपास है.

लवकुश की बढ़ी मुसीबत

बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करूणेश पांडेय, राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष कुमार यादव समेत आठ लोग पुलिस की गिरफ्त में हैं. पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है. अब लवकुश की संपत्ति भी जांच के घेरे में आ गई है.

Share This Article
Leave a Comment