नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय युवती रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। वह 22 अन्य महिलाओं के साथ मुंबई से बस्तर की ओर ग्रुप बाइक राइड पर जा रही थीं।
हादसा एनएच 30 पर मार्का तोला गांव के पास हुआ। रिद्धि ठक्कर मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थीं। वे 23 महिलाओं के ग्रुप में बाइक पर सवार थीं। सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद 112 पर इमरजेंसी कॉल की गई। रिद्धि को पहले चरमा के स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें धमतरी के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है और ग्रुप की अन्य महिलाओं से पूछताछ कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही धमतरी नगर निगम के मेयर मौके पर पहुंचे और परिवार को पूरी जानकारी दी।