ठाणे। भिवंडी पुलिस ने टीईटी 2026 पेपर लीक मामले की जांच के दौरान फरार आरोपित की पत्नी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर भिवंडी लाकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे छह जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने यह भी कहा कि दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
शनिवार को परीक्षा से एक दिन पहले प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था, जिसके बाद महाराष्ट्र में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को स्थगित करना पड़ा। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह मामला अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र कहीं और छापे गए थे और उन्हें रास्ते में ही लीक किया गया। इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है। भिवंडी के कोनगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।