आगर मालवा : मध्य प्रदेश के आगर मालवा में बरसाती नाले में कार बह जाने से 8 लोगों की मौत हो गई है. यहां के नलखेड़ा में बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार उफनता नाला पार करते वक्त अचानक बह गई. हादसे में कार सवार 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल है.
8 शव निकाले गए, मृतकों की पहचान की कोशिश जारी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कार सवार दर्शन कर पास के ही बगलामुखी मंदिर से लौट रहे थे. तभी बरसाती नाले को पार करते समय उनकी कार तेज बहाव में अनियंत्रित हो गई. सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद करीब 8 लोगों के शव कार से बाहर निकाले जा चुके हैं. इन सभी की फिलहाल पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
रस्सी के जरिए खींची जा रही कार
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीण, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और रेस्क्यू शुरु किया लेकिन अबतक किसी के जीवित बचने का संकेत नहीं मिला है. वहीं, शवों को निकालने के बाद कार को रस्सी के जरिए बाहर खींचा जा रहा है, जिसमें और शव हो सकते हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि कार में कितने लोग सवार थे. पुलिस के मुताबिक मृतक आगर मालवा के नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे.यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं.