महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा: कार में बंद होने से 4 साल के मासूम की मौत, दम घुटने से गई जान

Parthadmin

महाराष्ट्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. जहां घर के सामने खेलते समय पड़ोस में खड़ी कार में गए 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई. कार में काफी देर तक फंसे रहने के कारण और तापमान अधिक होने की वजह से उसकी हालत गंभीर हो गई थी. जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह घटना यवतमाल जिले के घाटंजी तालुका स्थित चिखलवर्धा गांव में हुई. मृतक मासूम की पहचान अंश सूरज केलझरकर के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार अंश घर के बाहर खेल रहा था. खेलते-खेलते वह पड़ोस में खड़ी कार के अंदर चला गया. लेकिन कार से बाहर नहीं निकल पाने के कारण वह काफी देर तक अंदर ही फंसा रहा. जब काफी समय तक अंश दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान वह कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिला.

इलाज के दौरान अंश की हुई मौत

परिजनों ने तत्काल अंश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी हालत गंभीर थी और डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई. घटना से चिखलवर्धा गांव में शोक का माहौल है.

गांव के मुखिया आकाश नाडपेलवर ने बताया कि अंश की कल स्विफ्ट गाड़ी में मौत हुई. उस समय उसके साथ एक दोस्त भी था. दोनों गाड़ी में खेल रहे थे. खेलते- खेलते उसका दोस्त वहां से निकल गया और अंश गाड़ी में ही रह गया. तापमान ज्यादा होने से गाड़ी में ही उसकी मौत हो गई.

Share This Article
Leave a Comment