भारत और श्रीलंका के बीच आगामी टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होने वाली है. लेकिन उससे पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार साई सुदर्शन चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में चोट से उबर रहे हैं. वह अभी बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं.
सुदर्शन का बाहर होना इसलिए भी अहम है क्योंकि टेस्ट डेब्यू के बाद से ही इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने नंबर 3 पर भारत के लिए अपनी जगह पक्की कर ली थी. उन्होंने सात टेस्ट मैचों में 31.91 की औसत से 383 रन बनाए हैं. लेकिन अब उनके न होने पर भारत को नंबर 3 के लिए नया खिलाड़ी ढूंढना होगा. हालांकि दोनों टीमों के बीच चल रहे वॉर्म-अप मैच में देवदत्त पडिक्कल ने सेंचुरी जड़कर मजबूत दावेदारी पेश की है.
पडिक्कल ने कोलंबो के NCC ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ चल रहे वार्म-अप मैच के दूसरे दिन 121 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसमें 14 चौके शामिल थे, जिसके बाद उन्हें 103 के स्कोर पर ‘रिटायर्ड आउट’ कर दिया गया. अब टीम मैनेजमेंट को टेस्ट सीरीज से पहले सुदर्शन की जगह एक अच्छा विकल्प मिल गया है, हालांकि अंतिम फैसला पहले टेस्ट से पहले लिया जाएगा.
बता दें कि इससे पहले, बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने की चोट के कारण दो मैचों की सीरीज से बाहर हो गए थे और उनकी जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया था.
बीसीसीआई ने पहले ही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी थी. इस दौरे पर रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है और सारांश जैन को पहली बार टीम में शामिल किया गया है, जबकि चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है.
भारतीय टेस्ट स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान) केएल राहुल (विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, आकिब नबी.