MP में ₹1200 करोड़ का निवेश करेगा अरविंद समूह, 3 नई इकाइयों से हजारों रोजगार की उम्मीद

Parthadmin

भोपाल: दुनिया के सबसे बड़े डेनिम निर्माताओं में खास पहचान रखने वाले लालभाई समूह का अरविंद लिमिटेड मध्य प्रदेश में 3 इकाइयां स्थापित करने जा रहा है. अहमदाबाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान अरविंद लिमिटेड ने मध्य प्रदेश में 1200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है. यह निवेश 3 नई इकाइयों के स्थापना के रूप में किया जाएगा. यह इकाइयां देवास के पास बरलाई, धार स्थित पीएम मित्र पार्क और इंदौर के बेटमा में स्थापित की जाएंगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

कंपनी को दी गई 105 एकड भूमि

अरविंद लिमिटेड को पीएम मित्र पार्क में 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है. इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी का एग्रीमेंट किया गया है और इसके तहत हर साल करीबन 70 लाख परिधानों को बनाने का काम किया जाएगा.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अहमदाबाद में उद्योगपतियों से चर्चा के दौरान कहा, “मध्य प्रदेश में कपास और वस्त्र निर्माण सहित टेक्सटाइल सेक्टर में अपार संभावनाएं मौजूद हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश के धार में सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क का भूमि पूजन किया गया गया. निवेश और उद्योग आधारित हमारी नीतियों के बल पर ही प्रदेश में हर क्षेत्र में निवेश को नई गति मिली है.”

‘हर क्षेत्र में मध्य प्रदेश में भरपूर संभावनाएं’

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मध्य प्रदेश में हर क्षेत्र में भरपूर संभावनाएं मौजूद हैं. मध्य प्रदेश में 2 मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र इंदौर-उज्जैन और भेापाल को बनाया जा रहा है. देश में सबसे तेज गति से मेडिकल कॉलेज खोलने वाला राज्य मध्य प्रदेश है. बेरोजगारी की दर भी सबसे तेज गति से कम हुई है. उद्योग लगने की गति भी सबसे तेज मध्य प्रदेश की है.” मुख्यमंत्री ने सभी उद्योगपतियों को आगामी जीआईएस के लिए आमंत्रित किया है.

सिंहस्थ की व्यवस्थाओं पर भी हुई चर्चा

अहमदाबाद में उद्योगपतियों से चर्चा के लिए अरविंद समूह के प्रस्तावित निवेश, पीएम मित्र पार्क में उद्योग की स्थापना, वस्त्र और परिधान के क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक क्षेत्र में पानी के फिर से उपयोग को लेकर चर्चा की गई. उद्योगपतियों से औद्योगिक क्षेत्रों में पानी का किस तरह फिर से उपयोग किया जाए, इस पर चर्चा की गई. इस दौरान औद्योगिक पार्कों को पास के नगर निगमों के एसटीपी से जोड़कर सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी मॉडल विकसित किए जाने के सुझाव प्रस्तुत किए गए.

इसके अलावा 2028 में होने वाले सिंहस्थ में आधुनिक संचार व्यवस्था के उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई. जेएम बक्सी समूह और अरविंद लिमिटेड के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्युशंस द्वारा मिशन क्रिटिकल वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी टॉकी नेटवर्क, पीएमआरटी जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मिशन क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के उपयोग को लेकर चर्चा की गई.

Share This Article
Leave a Comment