भोपाल: विंध्य और महाकौशल क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. रविवार को रीवा और जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है. इसके साथ ही राजधानी भोपाल से पटना और रीवा के लिए भी नई फ्लाइट शुरू हुई है.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को राजा भोज एयरपोर्ट से 4 नई उड़ानों को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल उपस्थित रहे. सरकार का दावा है कि नई सेवाओं से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार को रफ्तार मिलेगी.
एक साथ 4 नई उड़ानों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल-रीवा और भोपाल-पटना उड़ान का शुभारंभ किया. वहीं रीवा से रीवा-कोलकाता और जबलपुर से जबलपुर-कोलकाता की सीधी सेवा भी शुरू हुई. इन सेवाओं से यात्रियों को अब लंबे सड़क या रेल सफर के बजाय कुछ ही घंटों में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान किए.
‘विंध्य को मिली विकास की नई उड़ान’
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा में आयोजित कार्यक्रम में कहा, “विंध्य के लोगों का वर्षों पुराना हवाई सेवा का सपना अब पूरा हो रहा है. रीवा से भोपाल और कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू होने के साथ पूरा विंध्य बड़े महानगरों से जुड़ गया है.” उन्होंने कहा कि “रीवा को सिर्फ 10 महीने की अवधि में 5 हवाई सेवाएं मिलना बड़ी उपलब्धि है. हवाई संपर्क बढ़ने से विंध्य में पर्यटन और उद्योग के विकास को तेजी मिलेगी.”
‘एविएशन नीति ने खोले नए रास्ते’
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, “मध्य प्रदेश में नई विमानन नीति के जरिए हवाई संपर्क को तेजी से बढ़ाया जा रहा है. राज्य में नए हवाई अड्डों के विस्तार को मंजूरी मिली है. इंदौर से अबू धाबी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो चुकी है, जबकि भोपाल से शारजाह की अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू करने की तैयारी है. आने वाले समय में प्रदेश में हवाई सेवाओं का नेटवर्क और बड़ा होगा.”
उड्डयन मंत्री ने की मध्य प्रदेश की नीति की तारीफ
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में विमानन क्षेत्र में बड़ा विस्तार हुआ है. उड़ान योजना के जरिए छोटे शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ा गया है. मध्य प्रदेश की नई विमानन नीति की सराहना करते हुए इसे देश की बेहतर नीतियों में शामिल बताया.” उन्होंने कहा कि “भविष्य में नए हवाई अड्डों और विमानों के साथ विमानन क्षेत्र का विस्तार और तेज होगा.”
हर उड़ान पर सरकार देगी लाखों की मदद
नई उड़ानों का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा. राज्य सरकार मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन सेवाओं को वित्तीय सहायता दे रही है. प्रत्येक चक्कर की वापसी यात्रा पर कंपनी को 10 लाख रुपये तक की व्यवहार्यता अंतर वित्त पोषण राशि दी जाएगी. सरकार का उद्देश्य नई हवाई सेवाओं को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाना और प्रदेश के शहरों को प्रमुख राष्ट्रीय केंद्रों से जोड़ना है.