भोपाल: उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को हटाए जाने के विवाद के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से मिलने उनके निवास पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक मुलाकात हुई. मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उमा भारती साथ में बाहर निकले. हालांकि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मीडिया से बात नहीं की.
उमा भारती से मिलने निवास पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अचानक पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से मिलने उनके निवास पहुंच गए. उमा भारती से सीएम यादव ने करीब आधा घंटे बंद कमरे बात हुई. बताया जा रहा है कि उमा भारती ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उज्जैन में खड़े हनुमान की प्रतिमा को यथास्थान रखने की अपील की थी. उन्होंने मंदिर से जुड़े विकास कार्यों के लिए वैकल्पिक रास्ता निकालने की मांग की थी. हालांकि, मुख्यमंत्री और उमा भारती के बीच हुई आज की बातचीत का विस्तृत ब्यौरा सामने नहीं आया है.
मुलाकात के बाद उमा भारती ने कहा कि वह काफी दिनों बाद भोपाल लौटी हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वे खुद उनसे मिलने आ जाएंगे. उमा भारती ने इस मुलाकात को भाई-बहन की मुलाकात बताया.
हनुमान की प्रतिमा पर उमा भारती का बयान
उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा हटाने के विवाद पर उमा भारती ने कहा कि “लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मस्जिद को बचाएंगे और मंदिर को गिराएंगे, ऐसा नहीं होना चाहिए. उमा भारती ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में अच्छा फैसला लेगी. उन्होंने कहा कि हनुमान जी के प्रति लोगों की जनभावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए. उमा ने यह भी कहा कि हनुमान जी ने भी कमाल कर दिया, क्योंकि इस मुद्दे पर जनभावनाएं सामने आई हैं और सरकार का ध्यान भी इस ओर गया है.”
सागर अवैध शराब मामले पर जताया दुख
सागर में सामने आए अवैध शराब के ठिकानों को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने कहा कि “उन्हें इस बात का दुख है कि मध्य प्रदेश में इतने बड़े अवैध शराब के ठिकाने बने हुए हैं. उन्होंने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई.
राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर भी बोलीं पूर्व सीएम
राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने अपने अंदाज में तंज कसा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब 50 साल से ज्यादा उम्र के हो गए हैं, ऐसे में उन्हें नौजवान कहना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि नौजवानों में एक अलग तरह का उफान आता है. वहीं, राहुल गांधी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि परमिशन नहीं मिल पा रही है तो कोई कारण होगा.
उमा भारती ने CM को पत्र में क्या लिखा?
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा था कि वे स्वयं उज्जयिनी के हैं और शहर व यहां के धार्मिक स्थलों की गरिमा को बेहतर समझते हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि विकास और आस्था को आमने-सामने खड़ा करने के बजाय ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिसमें दोनों का सम्मान हो. उमा भारती ने अपने पत्र में भोपाल के कमला पार्क बुर्ज वाली मस्जिद का उदाहरण भी दिया.
उन्होंने बताया कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के समय सड़क चौड़ीकरण की योजना में धार्मिक स्थल को बचाने के लिए सड़क का रूट और डिजाइन बदल दिया गया था. उनका कहना था कि उज्जैन भी इसी तरह वैल्पिक रास्ते या डिजाइन निकलना चाहिए.”