उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन पहुंचे. वे यहां पर अलग अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए. मुख्यमंत्री के उज्जैन पहुंचते ही पुलिस लाइन हेलीपैड पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया. इसके साथ ही पुलिस विभाग के शासकीय सेवकों के पदोन्नत होने पर पुलिस विभाग ने भी हैलीपेड पर ही पुलिस बैंड की धुन से स्वागत किया. वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी पुलिसकर्मियों को सितारे लगाकर शुभकानाएं दी.
आंगनबाड़ी का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री हेलीपेड से सीधा सदावल मार्ग पहुंचे, जहां पोषण अभियान 2.0 आंगनबाड़ी का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उन्हें झूला झुलाया. बच्चों के बीच मोहन यादव ने मिठाई भी बांटी. इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र पर पौधारोपण किया और महिला बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया.
‘आंगनबाड़ी के बच्चों को मिल रही सारी सुविधा’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “आंगनबाड़ी को सीएसआर के मद के माध्यम से एक नए रूप में लाने के लिए अद्भुत प्रयोग किया गया, जो पूरे प्रदेश के सामने अपनी एक विशेष सोच को दर्शाता है. हम और आप सब मिलकर के आंगनबाड़ी में बच्चों की सारी सुविधा देने का काम कर रहे हैं. अपने बच्चों को आंगनबाड़ी में देख अलग आनंद आता है.”
प्रमोशन और लाड़ली बहना योजना का पैसा पाकर हैं सभी खुश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “आगामी वर्ष 2028 में सिंहस्थ महापर्व आना है, लेकिन वर्तमान में सिंहस्थ अधिकारी और कर्मचारी अपने प्रमोशन को लेकर खुशी मना रहे हैं. श्रावण का महीना भी आने वाला है और लाड़ली बहनों के खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ है. जिससे सभी लोगों में खुशी है.”
उज्जैन में आंगनबाड़ी के शुभारंभ के बाद मोहन यादव जगदीश मंदिर पहुंचे और अन्य कार्यक्रम में भी शमिल हुए. वहीं, वे अपने उज्जैन दौरे के दौरान डीजीपी कैलाश मकवाना के निजी निवास पर भी गए, जिसके बाद वह इंदौर के लिए रवाना हो गए.