केतन हत्याकांड: आरोपी सिया के वीडियो पर विवाद, पिता ने आरोपों से किया इनकार

Parthadmin

मुंबई। केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच कोर्ट ले जाते वक्त सिया ने ऐसा रिएक्शन दे दिया कि विवाद खड़ा हो गया। एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सिया मिडिल फिंगर दिखाती नजर आ रही है। वहीं, इस विवाद पर सिया के पिता ने बयान दिया है।

आरोपी सिया गोयल की पुलिस कस्टडी में कथित तौर पर मध्यमा अंगुली दिखाने वाले वीडियो को लेकर विवाद के बीच उनके पिता प्रवीण गोयल ने शनिवार को इन आरोपों से इनकार किया है।

प्रवीण गोयल का कहना है कि उनकी बेटी के दो उंगलियां पुलिस के साथ घर आने के दौरान कार के दरवाजे में फंसकर कुचल गईं, जिससे चोट लगी है।

प्रवीण गोयल ने एक वीडियो बयान में कहा कि सिया पर मध्यमा दिखाने का आरोप लगाया जा रहा है। ऐसा कुछ भी नहीं है। जब वह पुलिस के साथ कानूनी औपचारिकताओं के लिए घर आई थी, तब उसके दो उंगलियां कार के दरवाजे में फंस गईं। यही वजह है कि एक उंगली पर पट्टी बंधी हुई है, दूसरी सूजी हुई है और नाखून नीले पड़ गए हैं।

गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सिया गोयल को पुणे ग्रामीण पुलिस द्वारा मार्केट यार्ड स्थित उनके आवास पर ले जाते समय मीडिया की ओर मध्यमा अंगुली दिखाते दिखाया गया था।

इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर भारी आलोचना और प्रतिक्रियाओं को जन्म दिया था। पिता के अनुसार, यह पूरी घटना एक दुर्घटना थी और जानबूझकर कोई अश्लील इशारा नहीं किया गया।

Share This Article
Leave a Comment