‘यूपी में अपराधी बेखौफ…’, योगी सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर अखिलेश ने उठाए सवाल

Parthadmin

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था को लचर करार दिया। उन्होंने दावा किया कि हर बेटी के मां-बाप अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को कहा, ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक समाज की छह साल की एक मासूम बच्ची के बलात्कार और हत्या का मामला रूह कंपा देने वाला है। इससे पूरे प्रदेश में हर बेटी के मां-बाप अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं।

यादव ने सवाल उठाते हुए पोस्ट में कहा, प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था इतनी लचर कैसे हो गई है कि अपराधी सत्ता से नहीं डर रहे हैं। इस सवाल का यही जवाब है कि सत्ता सजातीय लोगों के हर अपराध को जिस तरह दबाया-छुपाया जा रहा है उससे दूसरे अपराधियों के भी हौसले बुलंद हो रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा, भाजपा ने अपने भ्रष्टाचार का दायरा इतना अधिक बढ़ा दिया है कि उसमें पुलिस को भी संलिप्त होने पर मजबूर कर दिया है, जिसका लाभ उठाकर कुछ भ्रष्ट पुलिसकर्मी अपराधियों से सांठगांठ करके गुनाहों को पनाह दे रहे हैं। घोर निंदनीय! इंसाफ़ हो!

भाजपा का सपा प्रमुख पर पलटवार

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने सपा प्रमुख पर पलटवार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और तत्कालीन सपा सरकार की तरह अब अपराधियों को कोई संरक्षण नहीं है। हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, अपराध घृणित और जघन्यतम है, मानवीयता को निश्चित रूप से कलंकित करने वाला है और हम घटना की घोर निंदा करते हैं। श्रीवास्तव ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया को सलाह देते हुए कहा, जिस तरह त्वरित कार्रवाई कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की पुलिस ने अपराधी को मुठभेड़ में मार दिया, उसे भी एक्स पोस्ट में जोड़ना उचित होगा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, तत्कालीन सपा सरकार की तरह अब अपराधियों को कोई संरक्षण नहीं है। ग़ौरतलब है कि छह साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी 40 वर्षीय व्यक्ति शनिवार को नोएडा पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया।

शुक्रवार की रात से लापता थी बच्ची

अधिकारियों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार रात अपने घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने मध्य नोएडा के ईकोटेक-तीन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मध्य नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया, ‘सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से पुलिस टीम ने बलराज (40) की पहचान बच्ची का अपहरण करने वाले व्यक्ति के रूप में की। दुष्कर्म के बाद उसने बच्ची की हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया लेकिन उसने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर गोलीबारी कर दी और जवाबी कार्रवाई में आरोपी पुलिस की गोली से मारा गया।

Share This Article
Leave a Comment