ठाणे में 12वीं के छात्र की मौत, मनपसंद कॉलेज में दाखिला न मिलने से तनाव में था छात्र

Parthadmin

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे में 12वीं की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, अपने मनपसंद कॉलेज में दाखिला न मिल पाने के कारण छात्र काफी निराश था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

छात्र अपने परिवार के साथ घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट के एक पॉश हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रहता था। पुलिस ने सोमवार को बताया कि 4 सितंबर की शाम को छात्र ने अपने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप पर मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी जान देने की बात कही।

इससे पहले कि परिवार वाले कुछ समझ पाते या उसे बचा पाते, छात्र ने एक आवासीय इमारत की 22वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से छलांग लगा दी।

मनपसंद कॉलेज न मिलने से था निराश

पुलिस के अनुसार, परिवार को इस मामले में किसी तरह की साजिश का शक नहीं है। उनका मानना है कि करियर और पढ़ाई के तनाव के कारण ही उसने अपनी जान दी। छात्र ने हाल ही में 12वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय में 95.7 प्रतिशत का शानदार स्कोर किया था।

उसका सपना इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी, शिबपुर से बीएस-एमएस की ड्यूल डिग्री करना था। हालांकि, एप्टीट्यूड टेस्ट में 10474वीं रैंक आने के कारण उसे वहां सीट नहीं मिल पाई। इस प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला न मिलने के बाद से वह बहुत ज्यादा दुखी और निराश था।

साइकिल चलाने के बहाने घर से निकला था बाहर

पुलिस ने बताया कि 4 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे छात्र अपने परिवार से यह कहकर घर से निकला था कि वह साइकिल चलाने जा रहा है। रात करीब 8.15 बजे उसने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप पर आत्महत्या करने का मैसेज भेजा। मैसेज देखकर और उसका फोन बंद पाकर, घबराए हुए परिवार ने तुरंत कासरवडवली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिवार वाले तुरंत इलाके में उसे ढूंढने निकले। कुछ ही देर में छात्र अपने अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।

उसे आनन-फानन में ठाणे के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment