इंदौर/छिंदवाड़ा: कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है. मांगों के समर्थन में इंदौर, छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया गया.
आज शनिवार को इंदौर में सांसद शंकर लालवानी के घर भी विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया है. दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच कुछ प्रदर्शनकारी इंदौर में सांसद शंकर ललवानी के मनीष पुरी स्थित आवास पर हाथ में संविधान लेकर पहुंचे और प्रदर्शन की शुरुआत की.
इंदौर सांसद शंकर ललवानी के आवास पर हाथ में संविधान लेकर पहुंचे लोग
एक प्रदर्शनकारी प्रहलाद पांडे ने कहा “देश के सांसद मतदाता के पैसों से पलते हैं. वे हमें अपने अधिकारों से वंचित नहीं कर सकते. सोनम वांगचुग ने नीट परीक्षा में व्याप्त गड़बड़ी और धांधली को लेकर जो आंदोलन शुरू किया है वह धीरे-धीरे पूरे देश में फैलेगा, इस दौरान उनके अलावा अन्य लोग भी बैठे हैं जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. इस मामले पर सांसद शंकर लालवानी से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.”
छिंदवाड़ा में भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और खजरी चौक पर प्रदर्शन शुरू किया है. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. आंदोलनकारी अर्पित तिवारी ने कहा कि सोनम वांगचुक जब तक अनशन पर रहेंगे उनका आंदोलन जारी रहेगा.
मॉनसून सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर संसद तक भारी हंगामा
दिल्ली में से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर संसद तक भारी हंगामा रहा. दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च से पहले नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी थी. सीजेपी NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है.