मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने ब्लिंकिट, जेप्टो और इंस्टामार्ट जैसे आनलाइन प्लेटफार्म से जुड़े 14 फूड आउटलेट के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राज्यव्यापी निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी उल्लंघन पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
मुंबई में FDA का एक्शन
एफडीए ने 13 अगस्त को महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में ऑनलाइन प्लेटफार्म के जरिये खाद्य सामग्री बेचने और वितरित करने वाले 86 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इसने 60 सुधार नोटिस जारी किए और एक केंद्र पर व्यावसायिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकने का आदेश दिया। राज्य सरकार के नियामक ने कहा कि इस अभियान के दौरान कोई भी लाइसेंस रद नहीं किया गया।
14 आउटलेट का लाइसेंस रद
निलंबित किए गए 14 लाइसेंसों में पांच ब्लिंकिट से जुड़े आउटलेट के, पांच जेप्टो के, दो इंस्टामार्ट के, एक भगवती स्टोर्स का और एक स्विंस्टा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड का था।
निरीक्षण के दौरान भंडारण, तापमान नियंत्रण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, भोजन संभालने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा रिकार्ड और लाइसेंस की जांच की गई। जहां नियमों के अनुपालन में गंभीर कमी पाई गई, वहां निलंबन की कार्रवाई की गई।
एफडीए ने आनलाइन प्लेटफार्म के जरिये खाद्य सामग्री बेचने और वितरित करने वाले खाद्य व्यवसाय संचालकों से खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और भंडारण के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।