इंदौर: इंदौर के विकास की तस्वीर में 16 अगस्त का दिन नया अध्याय जोड़ने जा रहा है. इस दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक ही दिन में शहर को चार बड़ी सौगातें देंगे. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि, ”एक ही दिन में कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में इंदौर को बड़ी सौगातें मिलेंगी.” उन्होंने बताया, ”पश्चिम क्षेत्र की सबसे पुरानी मांगों में शामिल अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क अब हकीकत बन चुकी है.”
नई सड़क से राह होगी आसान
सुदामा नगर और विश्वकर्मा नगर के बीच बनने वाली यह सड़क करीब चार दशक से लंबित थी. 0.95 किमी लंबी और 45 मीटर चौड़ी सड़क पर ₹16.61 करोड़ खर्च हुए हैं. इसमें सीमेंट कांक्रीट रोड के साथ सीवर चैंबर स्ट्रेंथनिंग, स्टॉर्म वाटर लाइन, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, सेंटर लाइटिंग और इलेक्ट्रिक लाइन शिफ्टिंग जैसे काम किए गए हैं. इस कनेक्शन से पश्चिम क्षेत्र के कई इलाकों को रिंग रोड तक सीधा और सुगम रास्ता मिलेगा.
स्मृति को मिलेगा स्थायी स्वरूप
दशहरा मैदान स्थित गार्डन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे. शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर अटलजी की प्रतिमा उनकी स्मृति और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी.
नेहरू पार्क में अब नया स्विमिंग पूल
शहरवासियों को खेल और फिटनेस की सुविधा से जोड़ने के लिए नेहरू पार्क के नवीन स्विमिंग पूल का लोकार्पण भी इसी दिन होगा. इससे शहर में तैराकी के लिए एक और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी.
जू में 14-डी थिएटर बच्चों को मिलेगा नया अनुभव
इंदौर जू में तैयार किए गए 14-डी थिएटर का अनावरण भी मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम में होगा. जू आने वाले बच्चों और परिवारों के लिए यह नया आकर्षण होगा और वन्यजीवों की दुनिया को तकनीक के नए अनुभव से जोड़ने की कोशिश होगी.
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डीया, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मनोज पटेल, गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी मोघे, एमआईसी सदस्य पार्षदगण एवं भाजपा पदाधिकारी महिला मोर्चा युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चा पदाधिकारी ओर कार्यकारिणी स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे.