गैंगस्टर की एक करोड़ 92 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क, टप्पेबाजी और चोरी के गैंग का करता था संचालन

Parthadmin

आजमगढ़: जिले की पुलिस ने बिलरियागंज क्षेत्र के कुख्यात अपराधी राज उर्फ सवारिया की अवैध संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने करीब 1 करोड़ 92 लाख कीमत की 538.55 वर्ग मीटर भूमि कुर्क की है.

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर राज उर्फ सवारिया पुत्र सुरेश राम निवासी गड़ेरी पट्टी, थाना जीयनपुर अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या राम मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टप्पेबाजी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था.

अपराध की कमाई से खरीदी गई थी जमीन: गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना में सामने आया कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से आरोपी ने जमीन खरीदी थी. जांच में ग्राम नदौरा तकरकारी में 226.70 वर्ग मीटर तथा ग्राम गड़ेरी पट्टी में 311.85 वर्ग मीटर, कुल 538.55 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई.

राजस्व विभाग द्वारा भूमि का मूल्यांकन किए जाने पर इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1.92 करोड़ पाई गई. पुलिस के अनुसार संपत्ति खरीदने और ऋण की किश्तें चुकाने के संबंध में आरोपी की ओर से कोई वैध एवं पर्याप्त आय का स्रोत भी नहीं मिला.

डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने की कार्रवाई: जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में 14 अगस्त 2026 को थाना बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की. डुगडुगी पिटवाकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई और भूमि को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया.

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में की गई. मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ जीयनपुर और बिलरियागंज पुलिस की टीम मौजूद रही.

पुलिस के अनुसार राज उर्फ सवारिया और उसके गैंग के खिलाफ चोरी, टप्पेबाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं. आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों, भूमाफियाओं और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Share This Article
Leave a Comment