मुंबई। मुंबई के अंधेरी इलाके स्थित लोकप्रिय फूड आउटलेट ‘जिमीज बर्गर’ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ग्राहक के खाने के ऑर्डर में कांच का टुकड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा और रेस्टोरेंट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
समझिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि बर्गर में कांच मिलने की शिकायत करने वाली तनीषा गोगरी अपनी सहेली के साथ अंधेरी स्थित जिमीज बर्गर रेस्टोरेंट में गई थीं। वहां उन्होंने खाने के लिए ‘कोरियन वेज बर्गर’ ऑर्डर किया था। इसके बाद जब तनीषा अपना बर्गर खा रही थीं, तो अचानक उनके मुंह में कुछ सख्त चीज आई।
ऐसे में जब तनीषा ने उस सख्त चीज को बाहर निकालकर देखा तो उनके होश उड़ गए। तनीषा के अनुसार बर्गर के अंदर कांच का एक टुकड़ा निकला। गनीमत यह रही कि उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना यह कांच का टुकड़ा उनकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था।
रेस्टोरेंट प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
जानकारी के अनुसार जब तनीषा ने इस खतरनाक लापरवाही की शिकायत रेस्टोरेंट के मैनेजर और प्रबंधन से की, तो उनका रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना था।
आरोप है कि अपनी गलती को छिपाने और सबूत मिटाने के लिए रेस्टोरेंट के स्टाफ ने तुरंत उस कांच के टुकड़े को उठाकर डस्टबिन में फेंक दिया। इतना ही नहीं स्टाफ ने इस गंभीर मामले पर कोई ठोस सफाई देने या अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की।
पुलिस और FDA में शिकायत दर्ज
हालांकि इस घटना से आहत और गुस्से में आईं तनीषा गोगरी ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तनीषा के पिता ने तुरंत कड़ा कदम उठाया। उन्होंने इस मामले में अंबोली पुलिस स्टेशन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के पास आधिकारिक शिकायत दर्ज करवा दी है।
मामले में परिवार ने मांग की है कि रेस्टोरेंट की इस घोर लापरवाही और ग्राहकों की जान से खिलवाड़ करने के लिए उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाएं दोबारा न दोहराई जाएं।