मुंबई। महाराष्ट्र के बीड जिले के एक अस्पताल से लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां C-सेक्शन सर्जरी के दौरान शरीर के अंदर सर्जिकल सामान छूट जाने की वजह से 19 साल की महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
संध्या सूरज गायकवाड़ की सर्जरी 1 अगस्त को हुई थी और चार दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बाद में पेट में बहुत तेज दर्द होने पर परिवार वाले उसे आनन-फानन में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल स्कैन के दौरान महिला की पेट में बाहरी चीजें पाई गईं।
महिला के पेट में छूटे सर्जिकल ग्लव्स
पुणे के ससून अस्पताल में उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई, जहां डॉक्टरों ने डिलीवरी के समय उनके शरीर के अंदर रह गए सर्जिकल ग्लव्स और पेपर टिश्यू वाइप्स को बाहर निकाला।
पीड़ित परिवार और महिला के पति ने मेडिकल टीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मां ने कहा कि उनकी बेटी में अपने नवजात बच्चे को गोद में उठाने तक की भी ताकत नहीं बची थी।
प्रशासन ने अस्पताल को भेजा नोटिस
मंगलवार को उनके परिवार ने जिला अस्पताल प्रशासन के पास शिकायत दर्ज कराई। बीड जिले के सर्जन सतीशकुमार सोलंकी ने बताया है कि सर्जरी में शामिल डॉक्टर और स्टाफ को नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि अगर स्वास्थ्य विभाग की जांच में वे दोषी पाए जाते हैं, तो उनके ख़िलाफ़ सख़्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।