हैदराबाद: सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर फिल्म ‘बटवारा 1947’ बीती 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई और अपनी रिलीज का पहला वीकेंड पूरा कर चुकी है. धीमी शुरुआत के साथ फिल्म ने दर्शकों पर वीकेंड तक पकड़ बनाने की कोशिश की, लेकिन सोमवार तक फिल्म ढीली पड़ गई. बटवारा 1947 के साथ इमरान हाशमी और दिशा पटानी स्टारर फिल्म आवारापन 2 भी रिलीज हुई, जो टिकट विंडो पर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं और यही कारण है कि बटवारा 1947 को कम दर्शक मिल रहे हैं.
आवारापन 2 अपनी रिलीज से अबतक 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और वहीं, बटवारा 1947 के लिए यहां तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है. इस बीच मेकर्स ने दर्शकों को टिकट की कीमतों पर बड़ा ऑफर दिया है. मेकर्स ने फिल्म बटवारा 1947 की टिकट का दाम 99 रुपये कर दिया है.
मेकर्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ₹99 के टिकट ऑफर का एलान करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘मंगलवार का क्या प्लान है? इसे सनी-मैटिक बनाइए, #Batwara1947 के टिकट सिर्फ ₹99 से बुक करें. लिंक बायो में है, #Batwara1947 अभी सिनेमाघरों में देखें’. बता दें, ये ऑफर सिर्फ 18 अगस्त मंगलवार के लिए ही है.
आमिर खान प्रोडक्शंस में बनी फिल्म ‘बटवारा 1947’ में शानदार कलाकारों की बड़ी टीम नजर आ रही है. इसमें शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह शामिल हैं. फिल्म में सभी कलाकारों की एक्टिंग को तारीफ मिल रही है.
‘बटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क की मानें तो, फिल्म बटवारा 1947 ने भारत में 5.75 करोड़ रुपये से खाता खोला था. फिल्म ने दूसरे दिन 13.50 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 7.25 करोड़ रुपये और चौथे दिन 2 करोड़ रुपये का कारोबार किया. बटवारा 1947 अपने मंडे टेस्ट में कमजोर नजर आई. वहीं, बात करें फिल्म की पांचवें दिन की कमाई की तो खबर लिखे जाने तक इसने 0.40 करोड़ रुपये कमाए लिए हैं.
बटवारा 1947 के आज देशभर में 3171 शो चल रहे हैं. इसी के साथ फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 34.42 करोड़ रुपये और इंडिया नेट कलेक्शन 28.90 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, आवारापन 2 ने अपने पहले वीकेंड पर ग्लोबली 120.86 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है.