स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

Parthadmin

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने बधाई संदेश में कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष, साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका राष्ट्र प्रेम, त्याग और समर्पण आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व अर्पित करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराने की प्रेरणा देता है।

सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन।

आगे लिखा कि अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ एवं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश को अमर बलिदानियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी वीर सपूतो को कृतज्ञता पूर्वक नमन करते हुए उनके द्वारा प्रशस्त मार्ग के अनुसरण का संकल्प लें।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों को नमन और स्मरण करने का यह ऐतिहासिक अवसर होता है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment