मुंबई में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन और मकान ढहने से 8 लोगों की मौत

Parthadmin

मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में आठ व्यक्तियों को जान से हाथ धोना पड़ा है।

घाटकोपर में भूस्खलन, सायन में एक ढांचे के ढहने और पालघर जिले के वसई क्षेत्र में जर्जर मकान का हिस्सा गिरने की घटनाओं में कुल आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है।

सबसे बड़ा हादसा मुंबई के घाटकोपर स्थित चिराग नगर के अशोक नगर इलाके में हुआ, जहां बुधवार तड़के करीब 3.48 बजे भारी बारिश के कारण पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर गौशिया चॉल के दो से तीन मकानों पर आ गिरा। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4), मरजीना आरिफ शेख (27), रमेश यादव (27) तथा एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। घायलों को राजावाड़ी और भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दमकल विभाग, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), एंबुलेंस सेवा और बीएमसी कर्मियों की संयुक्त टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया था। संकरी गलियों और दुर्गम रास्तों के कारण बचाव दल को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।

मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए तथा घायलों के उपचार के लिए 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

इसी बीच बुधवार शाम मुंबई के सायन ईस्ट स्थित प्रतीक्षा नगर क्षेत्र में भी एक हादसा हुआ। यहां बीएमसी के माला गार्डन परिसर में ग्राउंड फ्लोर का एक ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलबे में तीन से चार लोगों के फंस गए थे। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, और वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गया तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दुर्घटना में किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

वहीं, पालघर जिले के वसई क्षेत्र में एक जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से 71 वर्षीय शशिकला अरुण पाटिल की मौत हो गई।

स्थानीय प्रशासन ने घटना के बाद क्षेत्र के अन्य खतरनाक मकानों का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच सामने आए इन हादसों ने मुंबई महानगर क्षेत्र में खतरनाक और जर्जर ढांचों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बीएमसी का कहना है कि मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जाती है। घाटकोपर के अशोक नगर क्षेत्र में भी भूस्खलन की आशंका को लेकर पूर्व में चेतावनी जारी की गई थी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान जर्जर भवनों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित विभागों को दें।

Share This Article
Leave a Comment