मुंबई। नवी मुंबई में रोड रेज की एक घटना सामने आई है। यहां ओला ड्राइवर पर लोहे की रॉड से हमला हुआ और उसे चलती कार में करीब दो किलोमीटर तक घसीटा गया।
अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार देर रात पाम बीच रोड पर हुई। ओला ड्राइवर प्रवीण पांडे और एक अज्ञात कार ड्राइवर के बीच ओवरटेकिंग को लेकर बहस हुई थी।
लोहे की रॉड से किया वार
ओला ड्राइवर और अज्ञात कार ड्राइवर के बीच झगड़ा बढ़ता गया और कार ड्राइवर ने कथित तौर पर प्रवीण पांडे के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया और खून बहने लगा।
ओला ड्राइवर पर हमला करने के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की। वहीं पांडे ने आरोपी की गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी, जिससे पांडे चलती कार के बोनट पर जा गिरा।
पांडे ने कार से गिरने से बचने के लिए विंडशील्ड वाइपर को पकड़ लिया और गाड़ी लगातार चलती रही। कार ड्राइवर पांडे को चलती गाड़ी से दो किलोमीटर तक घसीटता ले गया।
गाड़ी से घसीटने के दौरान रिकॉर्ड किया वीडियो
पांडे ने चलती गाड़ी के बोनट से घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश भी की। वीडियो में उन्हें मदद के लिए चिल्लाते हुए सुना जा सकता है और उनके चेहरे पर खून लगा हुआ है।
वीडियो में पांडे की आवाज सुनी जा सकती है, वह बार-बार कहते हैं, ‘बचा लो मुझे, बचा लो मुझे’ और गाड़ी रोकने की गुहार लगाते हैं।
घटना के बाद, पांडे शिकायत दर्ज कराने के लिए नेरुल पुलिस स्टेशन गए। हालांकि, पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने औपचारिक मामला दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की।
जब मामले को सुलझाने की कोशिशें नाकाम रहीं, तो आखिरकार पुलिस ने रविवार तड़के करीब 4:30 बजे मामला दर्ज किया।
आरोपी ड्राइवर की पहचान और पुलिस जांच की प्रगति के बारे में और जानकारी का इंतजार है। पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि आरोपी का पता चला है या उसे गिरफ्तार किया गया है।