मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सटे ठाणे में एक पुराने घर का हिस्सा गिरने से 12 साल के एक लड़के की मौत हो गई और उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार को दोपहर करीब 3:35 बजे आजाद नगर ब्रह्मांड के मद्रास चॉल में हुई, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल ग्राउंड-प्लस-वन-मंजिला इमारत लगभग 25 से 30 साल पुरानी थी। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि इमारत की गैलरी का एक हिस्सा टूटकर बगल वाले घर पर गिर गया, जहां उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे।
हादसे में 12 वर्षीय जयकुमार जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इमारत की गैलरी का एक हिस्सा बगल के घर पर गिरा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि इस इमारत की गैलरी का एक हिस्सा अचानक बगल वाले घर पर गिर गया, जहां एक परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। जयकुमार जायसवाल (12) गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल अन्य दो लोगों की पहचान 35 वर्षीय उर्मिला जायसवाल और 9 वर्षीय विनीत जायसवाल के रूप में हुई है। दोनों के सिर में चोटें आईं और उन्हें मनपाड़ा के टाइटन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आस-पास के घरों को खाली कराया गया
पीटीआई के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर मद्रास चॉल के तीन आस-पास के घरों को खाली करा लिया गया है। माजीवड़ा वार्ड समिति, लोक निर्माण विभाग और अतिक्रमण विभाग द्वारा आगे की संरचनात्मक जांच और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
इमारत गिरने की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। इस अभियान में दो दमकल गाड़ियां, एक बचाव वाहन, आपदा प्रबंधन का एक यूटिलिटी वाहन और एक एम्बुलेंस शामिल थीं।