महाराष्ट्र में गंदे खाने की सबसे ज्यादा शिकायतें पुणे से, 24 घंटे में होगी कार्रवाई

Parthadmin

नई दिल्ली। महाराष्ट्र का पुणे जिला अस्वच्छ खाने और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के मामले में सबसे आगे रहा है। दरअसल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंधे के अनुसार, विभाग द्वारा नए शिकायत पोर्टल ‘complaints.mahafda.in’ की शुरुआत के बाद से राज्य भर में सबसे अधिक शिकायतें पुणे से दर्ज की गई हैं।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मराठा चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर द्वारा आयोजित खाद्य सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने के लिए शहर में आए थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि एफडीए ने हाल ही में खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए “complaints.mahafda.in” पोर्टल लॉन्च किया है।

24 घंटे के भीतर शिकायत पर होगी कार्रवाई

FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर संबंधित क्षेत्र के एफडीए संयुक्त आयुक्त 24 घंटों के भीतर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेंगे। उन्हें शिकायत किसी अधिकारी को सौंपनी होगी। यदि वे निर्धारित समय के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने में विफल रहते हैं, तो शिकायत स्वतः ही विभाग के किसी वरिष्ठ अधिकारी को भेज दी जाएगी।

मुंडे ने बताया, “पोर्टल शुरू होते ही हजारों शिकायतें आईं और सिर्फ 24 घंटे में इसे 10 लाख बार देखा गया।”

अस्वच्छ भोजन की शिकायतें सबसे अधिक पुणे में

राज्य भर में शिकायतों के वितरण के बारे में पूछे जाने पर मुंडे ने बताया, “सबसे अधिक शिकायतें पुणे जिले में दर्ज की गई हैं, और इनमें से अधिकांश अस्वच्छ भोजन से संबंधित हैं।”

उन्होंने होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों से खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों का पालन करने और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा निर्धारित सभी 22 प्रमुख नियमों का अनुपालन करने का भी आग्रह किया।

Share This Article
Leave a Comment