भोपाल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के मौके पर मध्य प्रदेश में 18 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप जलाया जाएगा. इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की. इसमें मुख्यमंत्री ने बताया कि, ”राजधानी भोपाल से अक्टूबर माह से शारजाह (UAE) के लिए फ्लाइट शुरू होने जा रही है. इसके अलावा प्रदेश में एयरपोर्ट की संख्या भी लगातार बढ़ रही है.” मुख्यमंत्री ने सागर की घटना के मामले में बताया कि, ”सागर में एक अपराधी का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है.”
मध्य प्रदेश में हर साल 1 लाख नौकरियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश में तेज गति से नेतृत्व हुआ है. वैश्विक स्तर पर देश का प्रभाव बढ़ा है और देश का आर्थिक विकास कई विकसित देशों से ज्यादा बना है. अटल जी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केन-बेतवा, कालीसिंध-चंबल जैसे महत्वाकांक्षी परियोजना की सौगात मध्य प्रदेश को मिली है.
एनर्जी के क्षेत्र में खासतौर से हरित ऊर्जा में मध्य प्रदेश सहित देश भर में जबरदस्त बढोत्तरी हुई है. युवाओं को रोजगार देने के मामले में हमने 85 हजार से ज्यादा सरकारी सेवाओं में नौकरी दी है. हर साल करीब एक लाख नई नौकरियां देंगे. इसके अलावा ढाई लाख पदों पर पदोन्नति होगी, इससे भी करीबन 1 लाख पदों पर पदोन्नति हुई है. मध्य प्रदेश दुनियाभर में सबसे तेज निवेश लाने की दिशा में देश का अग्रणी राज्य बना है.”
18 हजार बूथों पर होगा दीपोत्सव
उधर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि, ”17 सितंबर से अगले एक माह तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. इसकी शुरूआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे से दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत होगी. इसमें प्रदेश के करीबन 18 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप जलाया जाएगा. इसके अलावा कई और कार्यक्रम किए जाएंगे. सभी बड़े धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्थलों पर भी यह कार्यक्रम होगा.
– मेरा सपनों का भारत विषय कार्यक्रम होगा. यह प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में किया जाएगा. इसमें चित्रकला, ड्राइंस और भाषण प्रतियोगिता होगी. यह कार्यक्रम स्कूल से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर होगा और इसमें प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा.
– नमो सेवा अनकही कहानी का नाट्य मंचन किया जाएगा. यह मंचन प्रदेश के सभी बड़े चौक-चौराहों पर होगा. इसमें 10 से 15 मिनिट की नाट्य प्रस्तुति होगी. इसके बाद 2 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम भी किया जाएगा.
आंगनवाड़ियों में होगा आंगन मिलन समारोह
इसके तहत प्रदेश की 97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में आंगन मिलन सामारोह किया जाएगा. यह कार्यक्रम तीन दिन चलेगा. इसमें आंगनवाडी कार्यकर्ता और सहायिका को सम्मानित किया जाएगा. इसमें पोषण स्वास्थ्य और महिला स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी. यह अभियान तीन दिन चलेगा.
बताई जाएगी बदलाव की कहानी
उधर मध्य प्रदेश के 11400 शक्ति केन्द्रों पर देश में हुए बदलावों की कहानी बताई जाएगी. इसके अलावा छोटी-छोटी झाकियां प्रदर्शित की जाएगी. प्रधानमंत्री मोदी के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन और केन्द्र सरकार के 12 सालों के कार्यकाल में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा.