मुंबई। मुंबई के साकी नाका इलाके में जगन्नाथ मंदिर रोड पर शुक्रवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। हाल ही में ठीक की गई पाइपलाइन फिर से फट गई, जिससे पीने का पानी तेजी से सड़क पर बहने लगा।
इस घटना से पानी की भारी बर्बादी हो रही है और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। घटना स्थल पर पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है, जिससे न केवल पानी व्यर्थ जा रहा है बल्कि सड़क पर जाम की स्थिति भी बन सकती है।
हाल ही में हुई मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद पाइपलाइन के फिर फटने से ठेकेदार और बीएमसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में पानी की पाइपलाइन अक्सर फटती रहती है, लेकिन हर बार मरम्मत के बाद भी समस्या जस की तस बनी रहती है। उन्होंने गुणवत्ता पूर्ण काम और समय पर रखरखाव की मांग की है।
बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही टीम को घटनास्थल पर भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की जाएगी।