बालाघाट: आदिवासी बाहुल्य परसवाड़ा क्षेत्र के ग्राम अरंडिया की एक बेटी ने जब पीएम मोदी से सेमीकंडक्टर पर सीधे संवाद किया तो, पीएम मोदी भी बेटी की तारीफ किए बिना नहीं रह सके. पीएम ने बेटी के हौसलों की उड़ान देख उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अवसर मिला है, खूब प्रगति कीजिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान मध्य प्रदेश के बालाघाट की इस बेटी से संवाद की शुरुआत जय जौहार से की.
सेमीकंडक्टर कंपनी में जाॅब का अवसर
बालाघाट निवासी शिवानी उईके के हौसलों की उड़ान ने न केवल उसके सपनों को पंख लगा दिए हैं, बल्कि माता-पिता सहित समूचे जिले को गौरवान्वित महसूस करने का सुखद अवसर दिलाया. शिवानी की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी स्कूल से हुई. शिवानी ने महिला आजीविका मिशन के मार्गदर्शन पर धार जिले में आईटीआई में दाखिला लिया. जहां से उसकी मेहनत, लगन और साहस ने रंग लाया और उसे गुजरात की सेमीकंडक्टर कंपनी में जाॅब करने का अवसर मिला.
पीएम मोदी को प्रतिभा दिखाने का अवसर
शिवानी ने बताया कि घर से दूर चुनौतियां बहुत थी, सीमित संसाधन में जिंगदी गुजारना मुश्किल था. लेकिन धैर्यता और अनुशासन के साथ मेहनत को अपना हथियार बनाया और उसी का परिणाम रहा कि आईटीआई कौशल कॉलेज में टाॅपर रही. कॉलेज से प्रशिक्षण पूरा होते ही शिवानी को गुजरात अहमदाबाद की प्रतिष्ठित कंपनी सेमीकंडक्टर में जाॅब मिल गई.,जिसके बाद वह क्षण आया जब प्रधानमंत्री से सीधे संवाद के दौरान सेमी कंडक्टर उद्योग पर अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने का अवसर मिला.
मोदी ने दिया तरक्की का मंत्र
पीएम मोदी गुजरात की प्रतिष्ठित सेमीकंडक्टर कंपनी में पंहुचे थे, जहां उन्होंने 100 साल पुरानी कंपनी में कार्य करने वाले लोगों को शुभकामनाएं दी, इस दौरान शिवानी सहित अन्य बच्चों से संवाद किया. पीएम ने बातचीत में लोगों से खूब मेहनत करते हुए उत्तरोत्तर प्रगति करने की बात कही. पीएम मोदी ने शिवानी की तारीफ करते हुए कहा कि खूब तरक्क कीजिए और आगे बढ़िए.
आपको बता दें कि शिवानी की इस सफलता के पीछे उसकी मेहनत और लगन तो है, इसके अलावा उनके माता-पिता का भी अहम भुमिका रही है, जिन्होंने संसाधनों के अभाव को बेटी की पढ़ाई के बीच कभी आड़े नहीं आने दिया. शिवानी के पिता रमेश उईके छोटे से किसान हैं, जबकि माता विमला उईके एक गृहणी और स्व सहायता समूह की सदस्य है.