प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने एक महीने के सेवा संकल्प अभियान की भी शुरुआत की है। खास बात है कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन हैं और गुरुवार से ही इस अभियान की शुरुआत हो रही है। इसके तहत कार्यक्रम 17 अक्टूबर तक चलेंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जन्मदिन पर अपने घरों में दीया जलाने की अपील की थी।
क्या है सेवा संकल्प अभियान
वार्ता के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान का मुख्य ध्यान जनसंपर्क और सेवा-उन्मुख गतिविधियों पर रहेगा, जिसके तहत युवाओं, महिलाओं, किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस अभियान में रक्तदान शिविर, स्वच्छता पहल, जागरूकता कार्यक्रम, बाइक रैलियां और अन्य गतिविधियां शामिल होंगी, जिनका उद्देश्य सार्वजनिक सेवा के भाजपा के संदेश को उजागर करना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी, जिसमें रक्तदान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाSगा। इसके अलावा, आशीर्वाद का दीया पहल के तहत सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने घरों में दीपक जलाने की अपील की जाएगी। भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार, सात अक्टूबर का विशेष महत्व होगा, क्योंकि इसी दिन मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। यह अभियान 17 अक्टूबर को एक बड़े राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के साथ पूरा होगा।
अभियान का एक प्रमुख हिस्सा विकसित भारत संकल्प यात्रा होगा, जिसके तहत मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास और बदलाव के उदाहरण के रूप में भाजपा के पहचाने गए लगभग 50 स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
भाजपा शासित राज्यों में बड़ी तैयारी
उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत सभी भाजपा शासित राज्यों में भाजपा ने इस अभियान के लिए बड़ी तैयारियां की हैं। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आयोजनों को लेकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
बिहार में मंत्री नंद किशोर राम ने कहा है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया जाएगा। इसका पोर्टल 19 सितंबर को पटना के तारामंडल में शुरू किया जाएगा। इधर, राजधानी दिल्ली में सेवा संकल्प अभियान – जनसेवा ही प्रभु सेवा अभियान की तैयारी है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से एक महीने तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान मनाएगी। कहा कि ओडिशा सरकार मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से एक महीने तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाएगी।
उज्जैन में जलेंगे 25 लाख दीपक
मध्य प्रदेश के उज्जैन में 17 सितंबर को दीपोत्सव की तैयारी है। इस दौरान प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। खबर है कि सात प्रमुख सेक्टरों में केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक कॉरिडोर तथा रामघाट के दो सेक्टर शामिल हैं। दीप जलाने और व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए कुल 22,500 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।