राज ठाकरे का बड़ा आरोप- सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल 18 करोड़ की हेराफेरी, राम मंदिर पर भी उठाए सवाल

Parthadmin

मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने दावा किया है कि मुंबई के मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल 18 करोड़ रुपये का चंदा हड़प लिया जाता है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में 1,400 करोड़ रुपये की चोरी हुई है। ठाकरे ने कहा कि आजकल मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं और उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर बात करें। एमएनएस प्रमुख शनिवार को अपनी पार्टी की छात्र शाखा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

‘मंदिर भी भ्रष्टाचार से सुरक्षित नहीं’

उन्होंने कहा कि निराश युवा मंदिरों में जाते हैं लेकिन मंदिर भी भ्रष्टाचार से सुरक्षित नहीं हैं। ठाकरे ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को आठ ट्रस्टियों द्वारा लिखे गए एक पत्र को पढ़कर सुनाते हुए कहा कि सिद्धि विनायक मंदिर के दान पेटी से पैसे चुराने वाले कुछ कर्मचारियों को ट्रस्टियों की सतर्कता के कारण पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि चोरी पकड़े जाने से पहले मंदिर की दान से होने वाली साप्ताहिक कमाई 50 लाख रुपये से कम थी और उसके बाद यह कलेक्शन बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गया। ठाकरे ने आरोप लगाया कि हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी हो रही थी।

मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन ने क्या कहा?

सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता सदा सरवणकर ने कहा कि इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”जहां भी जरूरत पड़ी, हमने मामले दर्ज किये हैं।”

सरवणकर ने कहा कि दान में बढ़ोतरी ट्रस्ट की कोशिशों की वजह से हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर की आय दो साल पहले के 114 करोड़ रुपये से बढ़कर 182 करोड़ रुपये हो गई है। खास बात यह है कि पुलिस ने राम मंदिर में दान की कथित चोरी के मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच चल रही है।

Share This Article
Leave a Comment