US-वेनेजुएला में इतिहास की सबसे बड़ी तेल डील, ट्रंप ने किया ऐलान, 65 अरब बैरल तेल पर होगा अमेरिका का कंट्रोल

Parthadmin

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को वेनेजुएला के साथ “इतिहास की सबसे बड़ी तेल डील” की घोषणा की. वेनेजुएला के साथ हुए इस ऐतिहासिक समझौते से अमेरिका को 65 अरब बैरल से अधिक के प्रमाणित कच्चे तेल का भंडार (Proven Crude Oil Reserve) पर कमोबेश पूरा नियंत्रण मिल जाएगा.

उन्होंने कहा, “अमेरिका ने अभी-अभी वेनेजुएला के साथ दुनिया के इतिहास की सबसे बड़ी ऑयल डील पर एक एग्रीमेंट किया है! मेरे कहने पर, विदेश सचिव मार्को रुबियो और युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने वेनेजुएला की सम्मानित अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ मिलकर काम किया है, और प्राइवेट कंपनियों के साथ साझेदारी के जरिये, अमेरिका ने वेनेजुएला में 65 बिलियन बैरल से अधिक के प्रूवन ऑयल रिजर्व पर ज्यादातर कंट्रोल हासिल कर लिया है, और इसके लिए अमेरिकी करदाताओं को कोई खर्च नहीं उठाना पड़ा है.”

राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, यह एग्रीमेंट “अमेरिकी करदाताओं की तरफ से बिना किसी खर्च के” किया गया है और इससे कुल अमेरिकी ऑयल रिजर्व “दोगुने से भी अधिक” हो जाएगा. ट्रंप प्रशासन का दावा है कि अमेरिकी ऑयल सप्लाई में भारी बढ़ोतरी से लंबे समय में घरेलू गैसोलीन की कीमतें कम होंगी, साथ ही वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था भी रिकवरी की राह पर बढ़ेगी.

ट्रंप ने कहा, “इस ऐतिहासिक समझौते से अमेरिकी तेल भंडार दोगुने से भी अधिक हो जाएगा, हमारी तेल आपूर्ति बहुत बढ़ जाएगी, और भविष्य में सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए गैस की कीमतें काफी कम हो जाएंगी, साथ ही वेनेजुएला को जबरदस्त सफलता और बड़ी खुशहाली की ओर ले जाने में मदद मिलेगी. यह समझौता वेनेजुएला और अमेरिका के बीच बढ़ते संबंधों को और मजबूत करेगा!”

यह घोषणा कई महीनों तक अमेरिका के जबरदस्त राजयनिक दबाव, प्रतिबंध लगाने और वेनेजुएला के तेल एक्सपोर्ट पर सीधी निगरानी के बाद आई है, जिसका उद्देश्य दक्षिण अमेरिकी देश के ऊर्जा सेक्टर को स्थिर करना है.

यह डील ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी मिलिट्री ऑपरेशन के नौ महीने बाद हुई है, जिसमें वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ा गया था और उन्हें नार्कोटेररिज्म और ड्रग ट्रैफिकिंग के आरोपों में अमेरिका ट्रांसफर कर दिया गया था.

ट्रंप ने मादुरो को गिरफ्तार करने के बाद अमेरिकी तेल कंपनियों को वेनेजुएला वापस भेजने की बात कही थी, और कहा था कि जब ह्यूगो शावेज ने विदेशी संपत्तियों का राष्ट्रीयकरण किया था, तब अमेरिका की संपत्तियां ले ली गई थीं.

EIA के अनुसार, वेनेजुएला के पास करीब 303 बिलियन बैरल कच्चा तेल है, जो दुनिया की सप्लाई का लगभग 17% है. हालांकि खराब इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण यह दुनिया के कुल प्रोडक्शन का केवल 1% ही पैदा करता है.

Share This Article
Leave a Comment