भोपाल: आगामी नगरीय निकाय सहित दूसरे चुनावों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी अब और मजबूत तरीके से केन्द्र और राज्य की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जमीन पर उतरेगी. इसके साथ ही कांग्रेस द्वारा योजनाओं को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पार्टी योजनाओं की सच्चाई पहुंचाकर सकरात्मक रूप जवाब देगी.
प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी ओरछा में चल रही कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी ने इसको लेकर रणनीति तैयार की है. बैठक में प्रदेश के युवाओं तक मजबूत पकड़ बनाने पर गंभीर चर्चा हुई. हालांकि इस बीच पूर्व मंत्री इमरती देवी का एक वीडियो भी चर्चा का विषय बन गया. वीडियो में उन्होंने एक मौजूदा मंत्री से कहा कि रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें.
पूर्व मंत्री बोलीं, रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दें
रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में चल रही बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मंत्री इमरती देवी का एक मंत्री को जल्द मुख्यमंत्री बनाए जाने की कामना का वीडियो सर्कुलेट हो गया. ओरछा के महाराजा पैलेस परिसर में पूर्व मंत्री इमरती देवी पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की बहू और मोहन सरकार में मंत्री कृष्णा गौर से मिली. उनसे गले मिलकर उन्होंने कहा कि रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें. हालांकि इमरती देवी से बाद में जब इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया.
बैठक में मिला हर घर तक पहुंचने का मंत्र
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा, संकल्प अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क एवं सेवा गतिविधियां की जा रही हैं. यह अभियान सेवा, संवेदनशीलता और अनुशासन को सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प है. इसके जरिए सरकार की योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने का काम किया जाएगा.”
‘विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने पर लगातार काम’
कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, “प्रदेश सरकार उद्योग, कृषि, शिक्षा, रोजगार और युवा विकास सहित सामाजिक कल्याण आदि क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है. विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने के लिए और किसान मोर्चा कल्याण, प्राकृतिक खेती और कृषि विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है.”
‘हर व्यक्ति तक पार्टी की सीधी पहुंच बनाने का काम करें’
क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कहा, “बीजेपी संगठन संघर्ष, विचारधारा और कार्यकर्ताओं के त्याग के आधार पर ही यहां तक पहुंची है. विकसित भारत के संकल्प के लिए संगठन को घर-घर तक जाना होगा. सभी बूथ और शक्ति केन्द्रों को मजबूत बनाकर ही संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सकता है. हमारा लक्ष्य पार्टी को जनता की पार्टी बनाना है. जितना मजबूत बूथ होगा, उतना ही मजबूत बीजेपी का संगठन होगा. जितना मजबूत संगठन होगा, उतना ही अधिक देश का विकास संभव होगा. संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर हर व्यक्ति तक पार्टी की सीधी पहुंच बनाने का काम करें.”
कांग्रेस को बीजेपी देगी सकारात्मक जवाब
मध्य प्रदेश बीजेपी कांग्रेस द्वारा सरकारी की योजनाओं को लेकर उठाए जा रहे सवालों का मुंहतोड़ जवाब देगी. ओरछा में चल रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई. इसमें कांग्रेस द्वारा केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर किए जा रहे विरोध का मुददा भी उठा. बीजेपी नेताओं ने कहा कि विकास परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है. यह दुर्भाग्यजनक है.
राष्ट्रीय महामंत्री गजेद्र सिंह पटेल ने कहा, “सरकार की योजनाओं को लेकर कांग्रेस जिस तरह से नकारात्मक माहौल पैदा कर रहे हैं, उसको लेकर पार्टी सकारात्मक तरीके से जवाब दे रहा है. बैठक में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर ले जाने में प्रदेश में कितना काम हुआ, इसको लेकर समीक्षा की गई. इसको लेकर पूर्व में तमाम पदाधिकारियों को प्रदेश भर में काम सौंपे गए थे. बैठक के बाद पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बैठक में युवाओं से संवाद, महिलाओं के सशक्तिकरण पर चर्चा हुई है.”
बुंदेलखंड के विकास और युवाओं तक पहुंच का प्रस्ताव
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया. इसमें बुंदेलखंड के विकास, गरीब कल्याण, किसान, महिला और युवा वर्ग से जुड़े विषयों को शामिल किया गया. बीजेपी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बैठक को लेकर कहा, “पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में ब्लॉक और बूथ स्तर तक और काम करेगी. इसके अलावा सरकार के जनता से जुड़े कामकाज को आम जनता तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की गई है.”
हालांकि अलग बुंदेलखंड को लेकर सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड सिर्फ एक सामान्य भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि हमारे आन, बान, शान यानी गौरव और स्वाभिमानन का एक बड़ा केन्द्र है. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के अलग राज्य का सवाल ही पैदा नहीं होता.
दूसरे दिन सेवा संकल्प को लेकर बनेगी रणनीति
दिन भर चली कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी ने अपनी आगामी दिशा तय कर दी है. बैठक में बीजेपी ने कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को मजबूती से जवाब देने की तैयारी की है. साथ ही युवाओं के अलावा महिला, किसान और गरीब कल्याण की दिशा में तेजी से काम करने की रणनीति बनाई है.
दिन भर चली बैठक में संगठनात्मक चर्चा के अलावा समरसता का संकल्प और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में मध्य प्रदेश की भूमिका पर चर्चा की गई. बैठक में दूसरे दिन इन तमाम मुद्दों को लेकर पार्टी की रणनीति को और स्पष्ट किया जाएगा. सेवा संकल्प अभियान की कार्यशाला के बाद समापन सत्र होगा.