मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर आग का तांडव, ट्रक-कार टक्कर में 6 की मौत

Parthadmin

वर्धा। महाराष्ट्र के वर्दा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर विरुल गांव के पास सोमवार तड़के (लगभग 3 बजे) एक खड़े कार को पीछे से आ रहे  ट्रक ने टक्कर मार दी।

कार में टक्कर मारते ही दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार सवार 4 लोग और ट्रक सवार दो लोगों (जिनमें ड्राइवर भी शामिल था) की मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक लेन चालू थी, तभी सड़क पर खड़ी एक कार को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी और दोनों गाड़ियों में आग लग गई। बचाव और ट्रैफिक बहाल करने के काम के लिए हाईवे सेफ्टी पेट्रोल, वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं।

अधिकारी ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुत सावधानी से यह काम किया गया। मुंबई-नागपुर कैरिजवे पर ट्रैफिक को दूसरी लेन में डायवर्ट किया जा रहा था, जिससे प्रभावित हिस्से में भारी जाम लग गया।

मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे कुछ घंटे के लिए बंद

पुलिस ने नागपुर से मुंबई जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी कि वे अगले कुछ घंटों तक वर्धा तक समृद्धि एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल न करें। उन्होंने लोगों से नागपुर-अमरावती हाईवे का इस्तेमाल करने और अमरावती गेट इंटरचेंज के जरिए एक्सप्रेसवे पर वापस आने को कहा।

2025 में 185 दुर्घटनाएं

गौरतलब है कि हाईवे पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, समृद्धि एक्सप्रेसवे पर 2025 में 185 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जो 2024 के 137 के आंकड़े से 35 प्रतिशत ज्यादा है। विदर्भ के सबसे बड़े शहर को देश की आर्थिक राजधानी से जोड़ने वाले 701 किलोमीटर लंबे छह-लेन वाले एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे को दिसंबर 2022 से चरणों में ट्रैफिक के लिए खोला गया है।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि निगरानी और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए अभी एक इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment