Pune Murder Case: 300 फीट गहरी खाई में रीक्रिएशन से जांच में नया मोड़

Parthadmin

मुंबई। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे ग्रामीण पुलिस ने आज फिर घटनास्थल पर जाकर घटना का ‘रीक्रिएशन’ किया। इस दौरान पुलिस अपने साथ इस हत्या के आरोपित चेतन चौधरी को अपने साथ ले गई थी।

पुलिस ने सीन रीक्रिएशन के दौरान मृतक की ऊंचाई और वजन के बराबर फाइबर से बने एक पुतले को 300 फीट से अधिक गहरी खाई में फेंककर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया। इससे पहले पुलिस मंगलवार को चेतन चौधरी की ‘चाल का विश्लेषण’ कर चुकी है। चेतन चौधरी इस हत्याकांड में मृतक केतन अग्रवाल को मारने में उसकी मंगेतर सिया गोयल का सहयोगी रहा है।

चेतन चौधरी किस तरह और कहां-कहां गया

इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह निर्धारित करना था कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी किस तरह और कहां-कहां गया था। पुलिस ने अपराध के दिन चेतन द्वारा पहनी गई पतलून भी बरामद कर ली है। इसी बीच सोमवार को अदालत पुणे ग्रामीण पुलिस को सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी पांच और दिन अपनी हिरासत में रखने की अनुमति दे चुकी है।

अपराध स्थल का रीक्रिएशन

जांचकर्ताओं ने समय बढ़ाने का अनुरोध करते हुए अदालत को सूचित किया था कि जांच के कई महत्वपूर्ण पहलू अभी भी अधूरे हैं। पुलिस ने कहा था कि उन्हें दोनों आरोपितों की उपस्थिति में अपराध स्थल का रीक्रिएशन करना होगा, घटना के बाद चेतन की गतिविधियों का पता लगाना होगा, हत्या के बाद हुई फोन बातचीत की जांच करनी होगी और केतन के पासपोर्ट को नष्ट करने से जुड़े सबूत बरामद करने होंगे।

पासपोर्ट चुराने के बाद फाड़कर जला दिया

जांचकर्ताओं के अनुसार, सिया ने कथित तौर पर पासपोर्ट चुराने के बाद उसे उस समय फाड़कर जला दिया था, जब केतन का परिवार शादी से पहले फोटो शूट के लिए बाली की यात्रा पर जाने के लिए निकला था। तब पुणे से मुंबई हवाई अड्डे जाते हुए रास्ते में एक फूड मॉल में केतन का परिवार रुका था।

मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उन्हें केतन का पासपोर्ट गायब होने की बात पता चली, तो पूरे परिवार को बाली की यात्रा रद करनी पड़ी थी। केतन के परिवार को ले जाने वाले ड्राइवर ने दावा किया था कि सिया यात्रा के दौरान अकेले ही खड़ी गाड़ी में लौटी थी और कथित तौर पर अंदर से कुछ सामान ले गई थी।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी भी दी कि केतन की हत्या के बाद उसका मोबाइल फोन कुछ समय तक उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने पास रखा था। कुछ समय बाद फोन केतन के परिवार को सौंप दिया था। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि सिया ने केतन के फोन से उस अवधि के दौरान कोई सबूत डिलीट या नष्ट तो नहीं किए, जब डिवाइस उसके पास था।

अब पुलिस के सामने तीन सवाल हैं कि चेतन की पैंट, केतन का पासपोर्ट और फोन को लेकर उन्हें सबूत के तौर पर कैसे कोर्ट में पेश करेगी।

इस बीच, पुणे में एक पारिवारिक समारोह में सिया गोयल का केतन अग्रवाल और उनके माता-पिता के साथ नाचते हुए एक पुराना वीडियो सामने आया है। यह वीडियो इसी वर्ष सात मई का है।

इस वीडियो में केतन अग्रवाल की हत्या से लगभग एक महीने पहले केतन को रिश्तेदारों के साथ जश्न मनाते और खुशियां मनाते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो गायिका ऋतु शर्मा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जिन्होंने उस पारिवारिक समारोह में प्रस्तुति दी थी।

ऋतु शर्मा ने मंगलवार रात अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर दो वीडियो शेयर किए। पहले वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल अन्य रिश्तेदारों के साथ एक-दूसरे के करीब खड़े नजर आ रहे हैं। केतन के पिता गायिका शर्मा के साथ बॉलीवुड का मशहूर गाना ‘यम्मा यम्मा’ गा रहे हैं।

सभी लोग ‘बस आज की रात है जिंदगी। कल हम कहां, तुम कहां’ बोल पर नाच रहे थे। इस गाने के कुछ ही देर बाद केतन को सिया के पिता प्रवीण गोयल के साथ गदर फिल्म के गाने ‘मैं निकला गड्डी लेके’ गाने पर नाचते दिखाई दे रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment