लड़की से मिलने गया था युवक… भीड़ ने पहले पीटा, फिर गले में कुत्ते का पट्टा डालकर खंभे से बांध दिया

Parthadmin

हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में एक युवती से मिलने पहुंचे एक युवक की कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी. मारपीट में युवक घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे युवक को भीड़ से छुड़ाया और घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया. वहीं युवती की तहरीर पर पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. वहीं पिटाई से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा है और युवती के बुलाने पर ही वो उससे मिलने आया था. लेकिन गैर समुदाय का होने के चलते गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर डाली.

जानकारी के अनुसार, शनिवार को गणपति धाम कॉलोनी में एक युवक आया और एक घर में चला गया. अजनबी युवक को देखकर लोगो को शक हुआ और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा होने लगी. इस बीच युवक को बुलाकर उससे नाम पता पूछा गया. गैर समुदाय का होने के चलते लोगों ने कई आरोप लगाए और युवक की पिटाई शुरू कर दी. भीड़ में शामिल लोगों ने उसे इतना मारा कि उसके शरीर में कई जगह चोट आ गई. इतना ही नहीं हद तो तब हो गई, जब लोगों ने युवक के गले में कुत्तों को बांधने वाला पट्टा डाल दिया.

प्राप्त तहरीर के आधार पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. आरोपियों की पहचान कर जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-अनुज सिंह, एसएसआई, कनखल थाना-

वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साई भीड़ से युवक को छुड़वाया. इसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया. इतने में युवती भी घर से आई और पुलिस के साथ कनखल थाने गई. मामले में नया मोड़ तब आया, जब युवती ने पुलिस को लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दे डाली. गणपति धाम फेस-3 निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है. करनाल, हरियाणा निवासी शादाब नाम के युवक से उनकी चार-पांच वर्ष पुरानी दोस्ती है.

शनिवार को वह उनसे मिलने आया था, तभी 10 से12 अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए और दोस्त के साथ मारपीट करने लगे. उसे बुरी तरह पीटते हुए जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए. शोर शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए. सूचना मिलने पर कनखल पुलिस पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा.

Share This Article
Leave a Comment