भोपाल को मिला नया रेलवे हब, निशातपुरा स्टेशन से अब चलेंगी लंबी दूरी की ट्रेनें

Parthadmin

भोपाल: राजधानी में रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. दरअसल, करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हुए निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर अब नियमित यात्री सेवाएं शुरू होंगी. 28 जुलाई को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव यहां मालवा एक्सप्रेस और जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के नवस्वीकृत ठहराव का शुभारंभ करेंगे. इससे भोपाल रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री और ट्रेनों के दबाव में कमी आएगी, जबकि शहर के उत्तर और पूर्वी हिस्से के हजारों यात्रियों को अपने घर के नजदीक से लंबी दूरी की ट्रेनें मिल सकेंगी.

शाम 5 बजे मुख्यमंत्री रहेंगे उपस्थित

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गाड़ी संख्या 12919 डा. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर इसके नए ठहराव का शुभारंभ करेंगे. इसी कार्यक्रम में गाड़ी संख्या 11463/11464 जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव की भी औपचारिक शुरुआत होगी. इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. रेलवे प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित रहने की अपील की है.

भोपाल स्टेशन का कम होगा दबाव

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि “निशातपुरा में चुनिंदा ट्रेनों के रूट और ठहराव में बदलाव से भोपाल रेलवे स्टेशन पर परिचालन अधिक व्यवस्थित होगा. वर्तमान में भोपाल स्टेशन से प्रतिदिन करीब 230 ट्रेनें गुजरती हैं और लगभग 50 हजार यात्री आवागमन करते हैं. मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों का निशातपुरा में ठहराव शुरू होने से मुख्य स्टेशन पर भीड़ और परिचालन संबंधी दबाव कम होगा. इससे ट्रेनों की समयबद्धता और संचालन की गति में भी सुधार की उम्मीद है.”

तीन साल बाद यात्रियों के लिए खुलेगा स्टेशन

बता दें कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन जून 2023 में बनकर तैयार हो गया था. स्टेशन पर प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल, पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था. करीब तीन साल बाद अब यह स्टेशन पूरी तरह यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है और भोपाल का चौथा प्रमुख रेलवे स्टेशन बन जाएगा.

आसपास के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कटारिया के अनुसार निशातपुरा स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव से भोपाल के उत्तर और पूर्वी क्षेत्र के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी. उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए मुख्य स्टेशन तक नहीं जाना पड़ेगा. वहीं धार्मिक, पर्यटन और व्यावसायिक यात्राओं के लिए यह नई सुविधा क्षेत्र के हजारों यात्रियों के समय और दूरी दोनों की बचत करेगी.

Share This Article
Leave a Comment