मुंबई। महाराष्ट्र के नालासोपारा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां शनिवार शाम गणेश जी की मूर्ति को कारखाने से पंडाल ले जाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से भारी प्रतिमा नीचे गिर गई, जिसके नीचे चार लोग दब गए। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।
कैसे हुआ हादसा?
बता दें कि शनिवार शाम करीब 6 बजे नालासोपारा पश्चिम के यशवंत गौरव इलाके में गणेश उत्सव की तैयारियां चल रही थीं। एक गणेश मंडल के लोग मूर्ति को कारखाने से अपने मंडप की ओर लेकर जा रहे थे।
इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। मूर्ति को भीगने और खराब होने से बचाने के लिए कुछ भक्त उस पर तुरंत प्लास्टिक डालने की कोशिश करने लगे। इसी आपाधापी और बारिश के बीच मूर्ति का संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम प्रतिमा अचानक नीचे आ गिरी।
मची अफरा-तफरी, वीडियो आया सामने
अचानक मूर्ति गिरने से वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि मूर्ति गिरने के बाद कुछ लोग उसके नीचे दबे हुए हैं।
स्थानीय लोगों की बहादुरी से बची जान
हादसा होते ही आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए आपसी सूझबूझ और ताकत दिखाते हुए भारी-भरकम मूर्ति को उठाया और उसके नीचे दबे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।