हरियाणा भाजपा प्रवक्ता वैशाली तोमर को मिला बेहतर काम का इनाम: राज्य महिला आयोग में बनाई गईं सदस्य

Parthadmin

चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की एक और पदाधिकारी को प्रदेश सरकार ने राज्य महिला आयोग में एडजस्ट कर दिया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर को बेहतर काम का इनाम देते हुए महिला आयोग में सदस्य बनाया गया है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकीं ऊषा प्रियदर्शनी को आयोग में पहले ही अध्यक्ष और महामंत्री मीना परमार को उपाध्यक्ष बनाया जा चुका है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी ने वैशाली तोमर की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। वैशाली ने अंग्रेजी तथा योग में मास्टर डिग्री के साथ ही लाइब्रेरी साइंस, संगीत और भरतनाट्यम में स्नातक की हुई है।

वह युवा मोर्चा की मीडिया प्रभारी और महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी हैं। प्रदेश सरकार ने हाल ही में महिला आयोग में सदस्यों की संख्या पांच से बढ़ाकर सात किया है।

आयोग में भारती सैनी, सुनीता लोहचब, सुमन शहजादवाला, अनुकंपा गर्ग और सुनीता चौहान पहले ही सदस्य के रूप में काम कर रही हैं। वैशाली तोमर की नियुक्ति के बाद अब आयोग में एक सदस्य का पद रिक्त रह गया है।

Share This Article
Leave a Comment