भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्ती और प्रमोशन, समान नागरिक संहिता (UCC), मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और छात्रों के मुद्दों पर बात की. उन्होंने कहा, “सरकार कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.” इसके साथ ही मोहन यादव ने 18 हजार नई भर्तियों और बड़े स्तर पर प्रमोशन की घोषणा की है.
प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सीएम ने की चर्चा
सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक पुलिस हैडक्वाटर पहुंचे और वहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ बैठक की. मुख्यमंत्री ने कहा कि “उनके पास गृह मंत्री का भी प्रभार है, इसलिए वे पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे. यहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग में होने वाले प्रमोशन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की.” मुख्यमंत्री ने बताया कि “आने वाले समय में पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रमोशन किए जाएंगे और इसकी प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.”
18 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भर्ती बात कही
सीएम मोहन यादव ने कहा, “उनकी सरकार अब तक करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दे चुकी है और अब 18 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी. इसके लिए मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं, ताकि प्रदेश की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.”
यूसीसी पर विपक्ष से साथ देने की अपील
समान नागरिक संहिता (UCC) पर मुख्यमंत्री ने कहा, “इसका सबसे बड़ा लाभ मुस्लिम महिलाओं को मिलेगा. यूसीसी लागू होने से मुस्लिम महिलाओं को हलाला जैसी प्रथाओं से मुक्ति मिलेगी और उन्हें समान अधिकार सुनिश्चित होंगे.” मुख्यमंत्री ने विपक्ष से भी अपील करते हुए कहा कि “इस महत्वपूर्ण विधेयक पर राजनीति से ऊपर उठकर सरकार का साथ देना चाहिए.”