मुंबई। मुंबई के अग्रीपाड़ा इलाके में शुक्रवार तड़के 19 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी, इसके बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5 बजे अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाली कालापानी चौकी के पास हुई।
पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मोहम्मद एहसान शेख का अपनी पत्नी जन्नत के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया था। बहस इतनी बढ़ गई कि उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला रेत दिया और फिर उसी हथियार से खुद को भी लहूलुहान कर लिया।
इलाज के दौरान पति की मौत
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शेख को आनन-फानन में पास के नगर निगम संचालित ‘नायर अस्पताल’ पहुंचाया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक दंपति दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि इस दर्दनाक घटना के पीछे दोनों के बीच हुआ घरेलू विवाद ही मुख्य वजह था। फिलहाल, पुलिस इस मामले में हत्या का केस और एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।